Full Story
मैड्रिड। स्पेन के मैड्रिड में खेले जा रहे आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 स्टेज-4 में 17 वर्षीय भारतीय तीरंदाज प्रिथिका प्रदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए दो पदक जीत लिए। प्रिथिका ने पहले महिलाओं की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया और फिर ज्योति सुरेखा वेन्नम और चिकिता तनिपार्थी के साथ मिलकर महिला टीम को रजत पदक दिलाया। खास बात यह रही कि यह प्रिथिका के करियर के पहले आर्चरी वर्ल्ड कप पदक हैं। ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में तुर्की की खिलाड़ी को हराया महिला व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में प्रिथिका ने तुर्की की हज़ाल बुरुन को 145-142 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्हें मलेशिया की फातिन नुरफातेहाह मात सालेह के खिलाफ 144-142 से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। भारत की अनुभवी तीरंदाज और एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता ज्योति सुरेखा वेन्नम चौथे दौर में बाहर हो गई थीं। वहीं, चिकिता तनिपार्थी तीसरे और परनीत कौर दूसरे दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। महिला टीम ने जीता सिल्वर, फाइनल में कोलंबिया से हार महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भारत की ज्योति सुरेखा, चिकिता तनिपार्थी और प्रिथिका प्रदीप की तिकड़ी ने शानदार सफर तय करते हुए रजत पदक जीता। फाइनल में भारत को शीर्ष वरीय कोलंबिया की टीम से 232-228 से हार का सामना करना पड़ा। क्वालिफिकेशन में सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में डेनमार्क , मेजबान स्पेन और तीसरी वरीय दक्षिण कोरिया को हराकर दमदार प्रदर्शन किया। पुरुष टीम एक अंक से चूकी, ऋषभ यादव पहुंचे क्वार्टर फाइनल पुरुष कंपाउंड टीम भारत के लिए पदक नहीं जीत सकी। साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु और कुशल दलाल की टीम कांस्य पदक मुकाबले में जर्मनी से 233-232 से सिर्फ एक अंक के अंतर से हार गई। इससे पहले भारतीय टीम सेमीफाइनल में मेक्सिको से शूट-ऑफ में हार गई थी। वहीं मिश्रित टीम का अभियान भी क्वार्टर फाइनल में मेक्सिको के खिलाफ शूट-ऑफ में हार के साथ समाप्त हो गया। पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड में ऋषभ यादव भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। जबकि साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु और कुशल दलाल तीसरे दौर में बाहर हो गए। रिकर्व में अभी बाकी है भारत की मेडल उम्मीद भारत के लिए टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है। रिकर्व स्पर्धाओं में कीर्ति शर्मा महिला व्यक्तिगत सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहीं वह धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित टीम के कांस्य पदक मुकाबले में इटली का सामना करेंगी। ऐसे में भारत के पास मैड्रिड से पदकों की संख्या बढ़ाने का शानदार मौका है।



Comments
0