Full Story

पटना। बिहार में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 22 जून से 30 जून तक सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के संचालन का समय बदलते हुए कक्षाएं सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलाने का निर्देश जारी किया है। शिक्षा विभाग ने अपने पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए यह नई समय-सारणी जारी की है। विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर. ने सोमवार को सभी जिलों के सभी संबंधित अधिकारियों को लिखे पऋ में कहा कि कि गर्मी और लू की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए स्कूलों के समय में यह बदलाव किया गया है। सुबह 6:30 बजे शुरू होगा स्कूल नए आदेश के मुताबिक, स्कूलों में सुबह 6:30 बजे से गतिविधियां शुरू होंगी। इसी समय विद्यालय खुलने का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद 6:30 बजे से 7:00 बजे तक प्रार्थना आदि कराई जाएगी। इसके बाद नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। पहली घंटी सुबह 7:00 बजे से 7:40 बजे तक, दूसरी घंटी 7:40 बजे से 8:20 बजे तक और तीसरी घंटी 8:20 बजे से 9:00 बजे तक चलेगी। 9 बजे से 9:40 बजे तक मध्याह्न भोजन आदेश के अनुसार, सुबह 9:00 बजे से 9:40 बजे तक मध्याह्न भोजन का समय तय किया गया है। इस दौरान प्रारंभिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन किया जाएगा। इसके बाद चौथी घंटी 9:40 बजे से 10:20 बजे तक, पांचवीं घंटी 10:20 बजे से 11:00 बजे तक और छठी घंटी 11:00 बजे से 11:40 बजे तक चलेगी। छात्रों की छुट्टी 12:20 बजे नई समय-सारणी के अनुसार, सातवीं घंटी 11:40 बजे से 12:20 बजे तक होगी। इसके बाद छात्र-छात्राओं के लिए दोपहर 12:20 बजे छुट्टी कर दी जाएगी। हालांकि शिक्षकों को इसके बाद भी 10 मिनट तक विद्यालय में रहकर शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा करनी होगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोपहर 12:20 बजे से 12:30 बजे तक प्रधानाध्यापक के स्तर से शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा, अगले दिन के लिए कार्य योजना तथा छात्रों को दिए गए गृह कार्य की समीक्षा एवं जांच की जाएगी। इसका मतलब है कि छात्रों की छुट्टी 12:20 बजे होगी, लेकिन विद्यालय का औपचारिक संचालन शिक्षकों के लिए 12:30 बजे तक रहेगा। 30 जून तक लागू रहेगा आदेश शिक्षा विभाग का यह आदेश 22 जून 2026 से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। विभाग ने राज्य के सभी संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।