Full Story
टोक्यो। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी हान यूए (चीन) को सीधे गेमों में हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ सिंधु अब टूर्नामेंट में भारत की आखिरी उम्मीद भी बन गई हैं। 35 मिनट में दर्ज की दमदार जीत विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ सुपर-750 टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की हान यूए को 21-16, 21-14 से हराया। यह मुकाबला सिर्फ 35 मिनट चला, जिसमें सिंधु ने शुरुआत से अंत तक शानदार नियंत्रण बनाए रखा। अब ओकुहारा से होगी बड़ी भिड़ंत क्वार्टर फाइनल में सिंधु का मुकाबला जापान की पूर्व विश्व चैंपियन और घरेलू स्टार नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में आसान रास्ता मिला, क्योंकि शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की आन से-यंग चोट के कारण मुकाबले से हट गईं। सिंधु ने कहा, "हम अंडर-19 के समय से एक-दूसरे के खिलाफ खेलते आ रहे हैं। हमारे बीच कई मुकाबले हुए हैं। मुझे उम्मीद है कि यह मैच भी रोमांचक होगा। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान अच्छी रिकवरी कर अगले मैच के लिए पूरी तरह तैयार होने पर है।" धीमी शुरुआत के बाद सिंधु ने बदला मैच का रुख पहले गेम में सिंधु ने शुरुआत में थोड़ा संघर्ष किया लेकिन जल्द ही अपनी लय पकड़ ली। उन्होंने लंबी रैलियों में बढ़त बनाते हुए पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में सिंधु पूरी तरह हावी रहीं और 8-0 की शानदार बढ़त बना ली। हान यूए ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन सिंधु ने कोई मौका नहीं दिया और आसानी से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ सिंधु ने हान यूए के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। मिक्स्ड डबल्स में भारत को झटका इससे पहले भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की शीर्ष वरीय जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग के खिलाफ 22-20, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। 47 मिनट तक चले मुकाबले के बाद भारतीय जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गई। अब सिंधु पर टिकी भारत की उम्मीदें जापान ओपन में दूसरे दौर तक पहुंचने वाले भारत के सिर्फ दो प्रतिनिधि थे—पीवी सिंधु और ध्रुव-तनिषा की जोड़ी। इससे पहले लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए थे जबकि सात्विक साई राज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी चोट के कारण अपना पहला मुकाबला पूरा नहीं कर सके। अब पूरे टूर्नामेंट में भारत की नजरें पीवी सिंधु पर टिकी हैं, जो क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की चुनौती पेश करेंगी।



Comments
0