Full Story
मुंबई। मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की जंग अब और खूनी होने वाली है क्योंकि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ट्रेलर में कालीन भैया के दबदबे को मुन्ना और गुड्डू की पुरानी दुश्मनी के साथ रवि किशन की नई चुनौती ने ऐसा उलझाया है कि इस बार सवाल सिर्फ ‘भौकाल’ का नहीं बल्कि मिर्जापुर पर राज किसका होगा, इसका भी है। गद्दी वही, लेकिन दावेदार कई ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ट्रेलर का सबसे बड़ा संकेत सत्ता के बदलते समीकरण हैं। शुरुआत मिर्जापुर की मशहूर गद्दी और कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी की आवाज से होती है। कालीन भैया का फलसफा साफ है—गद्दी न विरासत से मिलती है, न सियासत से, उसे बाहुबल से हासिल किया जाता है और डर से बचाकर रखा जाता है। लेकिन, इस बार उनके सामने चुनौती केवल पुराने दुश्मनों की नहीं है। मिर्जापुर की सत्ता के खेल में नए खिलाड़ी भी उतर चुके हैं। मुन्ना लौटा तो पुराने तेवर भी लौटे ट्रेलर की सबसे बड़ी हलचलों में मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु की वापसी है। वह खुद को मिर्जापुर का ‘प्रिंस’ घोषित करते दिखाई देते हैं।लेकिन, ‘प्रिंस’ और ‘किंग’ के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। कालीन भैया अपने बेटे की हरकतों से परेशान दिखाई देते हैं और दोनों के बीच तनाव साफ नजर आता है यानी मिर्जापुर की गद्दी बचाने की लड़ाई बाहर वालों से पहले घर के अंदर भी छिड़ सकती है। गुड्डू बनाम मुन्ना, फिर लोड हुई बंदूकें गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की दुश्मनी ‘मिर्जापुर’ की कहानी की सबसे बड़ी पहचान रही है और फिल्म में भी इसे पूरी ताकत के साथ वापस लाया गया है। ट्रेलर में अली फजल और दिव्येंदु एक-दूसरे पर बंदूक ताने दिखाई देते हैं। यह छोटी सी झलक संकेत देती है कि पुराने हिसाब अभी खत्म नहीं हुए हैं। मुन्ना की वापसी के साथ गुड्डू के लिए भी खेल बदल चुका है। सबसे बड़ा ट्विस्ट बने रवि किशन इस बार सत्ता की लड़ाई को दिलचस्प बनाने वाला सबसे नया चेहरा रवि किशन का है। उनका किरदार सीधे मिर्जापुर की सत्ता को चुनौती देता दिखाई देता है। कालीन भैया जब चेतावनी देते हैं कि शहर में आने वाले दरवाजे पर उनका पहरा है तो रवि किशन का जवाब भी उसी अंदाज में आता है, "दरवाजा बंद है तो मिर्जापुर में घुसने का दूसरा रास्ता निकाला जाएगा।" यहीं से ट्रेलर सत्ता की पुरानी लड़ाई को नया मोड़ देता है। हिंसा में भी रवि किशन का अलग अंदाज रवि किशन के किरदार को केवल गंभीर और खूंखार नहीं रखा गया है। उसकी हिंसा में डार्क ह्यूमर भी दिखाई देता है। एक दृश्य में वह एक शख्स पर चाकू से हमला करते हुए कम खून निकलने पर उसके ‘हीमोग्लोबिन’ को लेकर मजाक करता नजर आता है। यह सीन उनके किरदार की क्रूरता के साथ सनकी अंदाज की भी झलक देता है। सवाल बड़ा—आखिर गद्दी किसकी ट्रेलर के बाद मिर्जापुर की सत्ता का समीकरण पहले से ज्यादा उलझा दिखाई देता है। कालीन भैया के पास पुराना खौफ और सत्ता है। मुन्ना खुद को उसका स्वाभाविक दावेदार मानता है। गुड्डू पंडित पुराने हिसाब और अपनी ताकत के साथ मैदान में है, जबकि रवि किशन का किरदार बाहर से आकर पूरी व्यवस्था को चुनौती देता दिखाई देता है। यही चौतरफा मुकाबला फिल्म की कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा बन सकता है। बीना त्रिपाठी की चालों पर भी नजर सत्ता की इस लड़ाई में बीना त्रिपाठी यानी रसिका दुग्गल को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सीरीज में उनका किरदार निजी रिश्तों और सत्ता के समीकरणों के बीच लगातार अपनी जगह बनाता रहा है। फिल्म के ट्रेलर में भी उनकी मौजूदगी कहानी में नए तनाव की ओर इशारा करती है। ऐसे में बंदूक और बाहुबल की लड़ाई के बीच बीना की चालें किसके पक्ष में समीकरण बदलेंगी, इस पर भी नजर रहेगी। बबलू पंडित लौटेंगे, लेकिन विक्रांत मैसी नहीं फिल्म का एक और बड़ा बदलाव बाबलू पंडित के किरदार में देखने को मिलेगा। पहले सीजन में विक्रांत मैसी ने बाबलू पंडित की भूमिका निभाई थी, लेकिन ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में यह किरदार वापस आने के बावजूद चेहरा बदल जाएगा। इस बार जितेंद्र कुमार बाबलू पंडित के किरदार में नजर आएंगे। लोकप्रिय किरदार की यह नई कास्टिंग दर्शकों के लिए फिल्म के बड़े सरप्राइज में से एक है। मिर्जापुर के पुराने खिलाड़ी भी लौटे फिल्म में पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना भैया के अलावा कई परिचित चेहरे वापस दिखाई देंगे। रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग और कुलभूषण खरबंदा भी फिल्म का हिस्सा हैं। वहीं, रवि किशन और सोनल चौहान जैसे नए चेहरों की एंट्री मिर्जापुर की दुनिया में नए समीकरण जोड़ रही है। ओटीटी का ‘भौकाल’ अब सिनेमाघरों में ‘मिर्जापुर’ की शुरुआत 2018 में प्राइम वीडियो इंडिया पर हुई थी। दूसरा सीजन 2020 और तीसरा सीजन 2024 में आया। इसके चौथे सीजन की भी घोषणा हो चुकी है लेकिन अगला बड़ा पड़ाव वेब सीरीज नहीं, बल्कि सिनेमा का पर्दा है। गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा के लेखन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज पेश कर रहे हैं। 04 सितंबर को तय होगा किसका है मिर्जापुर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर ने कहानी के सारे पत्ते तो नहीं खोले हैं, लेकिन एक बात जरूर साफ कर दी है—इस बार मिर्जापुर की गद्दी के चारों ओर पुराने दुश्मन, लौटे हुए खिलाड़ी और नए दावेदार खड़े हैं। अब सवाल सिर्फ यह नहीं कि कालीन भैया अपनी गद्दी बचा पाएंगे या नहीं, बल्कि यह भी है कि मुन्ना, गुड्डू और रवि किशन के बीच मचे इस नए ‘भौकाल’ के बाद मिर्जापुर पर राज आखिर किसका होगा?



Comments
0