Full Story
मोनाको: इंडियन हाई जंपर सरवेश कुशारे ने अपने पहले ही डायमंड लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.26 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता और टोक्यो ओलंपिक के संयुक्त स्वर्ण पदक विजेता जियानमार्को तांबेरी तथा मुताज बरशीम जैसे दिग्गजों को पछाड़कर डायमंड लीग में शीर्ष तीन में जगह बनाने वाले भारत के चौथे एथलीट बनने का गौरव हासिल किया। डेब्यू में ही बना दिया बड़ा रिकॉर्ड सरवेश डायमंड लीग में पदार्पण कर रहे थे लेकिन उन्होंने शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2.12 मीटर, 2.16 मीटर, 2.20 मीटर, 2.23 मीटर और 2.26 मीटर की ऊंचाई पहली ही कोशिश में पार कर ली। हालांकि 2.28 मीटर पर तीनों प्रयास असफल रहे, लेकिन तब तक वह तीसरा स्थान पक्का कर चुके थे। भारत के चौथे एथलीट बने इस उपलब्धि के साथ सरवेश कुशारे डायमंड लीग में टॉप-3 फिनिश करने वाले भारत के सिर्फ चौथे एथलीट बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा , भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा और लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर हासिल कर चुके हैं। ओलंपिक चैंपियनों को छोड़ा पीछे कुशारे ने अपने शानदार प्रदर्शन से इटली के ओलंपिक चैंपियन जियानमार्को तांबेरी (2.23 मीटर) और कतर के मुताज बरशीम (2.20 मीटर) को पीछे छोड़ दिया। प्रतियोगिता में यूक्रेन के ओलेह दोरोशचुक ने 2.32 मीटर के साथ स्वर्ण जीता, जबकि ब्रिटेन के जैक किमानी 2.30 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 2026 में शानदार फॉर्म में हैं सरवेश सरवेश कुशारे इस साल लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले महीने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 2.31 मीटर की छलांग लगाकर तेजस्विन शंकर का आठ साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया था। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रहेंगी निगाहें सरवेश अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए घोषित भारत की 32 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम का हिस्सा हैं। मोनाको में मिला यह कांस्य पदक उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगा और भारतीय खेल प्रेमियों की उम्मीदें भी बढ़ाएगा।



Comments
0