Full Story
पटना। बिहार सरकार ने प्रशासन को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 21 अधिकारियों का आज तबादला कर दिय, जिससे पटना समेत 11 जिलों को नए जिलाधिकारी (डीएम) मिले वहीं विभिन्न विभागों में भी वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आनंद किशोर को पर्यावरण विभाग की कमान सामान्य प्रशासन विभाग की गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मोहम्मद सोहेल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। पटना समेत 11 जिलों में बदले डीएम इस फेरबदल में जिलों के प्रशासनिक नेतृत्व में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार को पटना का नया डीएम बनाया गया है। पटना के डीएम त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है और उन्हें स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। रोहतास की डीएम उदिता सिंह को नालंदा का जिलाधिकारी बनाया गया है जबकि जहानाबाद के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिड वाई. भूटिया की तैनाती की गई है। बांका के नए डीएम अंशुल अग्रवाल होंगे। जहानाबाद की डीएम अलंकृता पांडेय को भागलपुर की जिलाधिकारी बनाया गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का डीएम बनाया गया है। कैम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। कृषि विभाग के निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का नया डीएम नियुक्त किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार को किशनगंज और प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को खगड़िया का जिलाधिकारी बनाया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास (सासाराम) का नया डीएम बनाया गया है। पूर्वी चंपारण के डीएम को ऊर्जा क्षेत्र की जिम्मेदारी पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, कृषि विभाग के निदेशक सौरभ सुमन यादव को उनकी जगह मोतिहारी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा विभाग में बदलाव मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जहानाबाद की उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति को समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) का निदेशक बनाया गया है। उन्हें सामाजिक सुरक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार और प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मद्य निषेध और सूचना विभाग में भी फेरबदल खगड़िया के डीएम नवीन कुमार को विशेष सचिव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रभारी सचिव और बिहार स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस बदलाव के बाद अजय यादव और चंद्रशेखर सिंह अपने अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त हो जाएंगे। समाज कल्याण और पुल निर्माण निगम को मिले नए प्रमुख राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का निदेशक बनाया गया है। वहीं, धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे सामाजिक कल्याण और आधारभूत संरचना से जुड़े विभागों में नए नेतृत्व की शुरुआत होगी।



Comments
0