Full Story
नई दिल्ली। लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने रुपये की कमजोरी और बढ़ते लॉजिस्टिक्स खर्चों का हवाला देते हुए 1 जुलाई 2026 से भारत में अपनी सभी बीएमडब्ल्यू और मिनी गाड़ियों की कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी करने का एलान किया है। बढ़ी हुई ये कीमतें भारत में ही बनने वाली कारों पर तो लागू होंगी ही। साथ ही विदेश से पूरी तरह बनकर भारत आने वाली (इंपोर्टेड) कारों पर भी असर डालेंगी। आखिर क्यों महंगी हो रही हैं ये कारें आसान शब्दों में कहें तो गाड़ियों को बनाने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह भेजने का खर्च (लॉजिस्टिक्स कॉस्ट) लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी कमजोर हुआ है, जिससे कंपनी की लागत बढ़ गई है। इस बारे में बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह ब्रार ने बताया, "मार्केट में हमारी गाड़ियों की मांग बहुत मजबूत है। लेकिन अर्थव्यवस्था के कुछ हालातों, जैसे—रुपये की कीमत में गिरावट और सामान को लाने-ले जाने के बढ़ते खर्चों की वजह से हमें यह फैसला लेना पड़ रहा है। हम अपनी गाड़ियों की क्वालिटी और सर्विस में कोई समझौता नहीं करना चाहते, इसीलिए 1 जुलाई 2026 से कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी की जा रही है।" कौन-कौन सी गाड़ियां होंगी महंगी कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल लगभग हर छोटी-बड़ी गाड़ी अब महंगी होने जा रही है। नीचे देखें उन गाड़ियों की लिस्ट जिन पर यह नियम लागू होगा: 1. भारत में ही बनने वाले मॉडल्स (लोकली प्रोड्यूस्ड) इन गाड़ियों को भारत में ही असेंबल किया जाता है, इनमें शामिल हैं: सेडान कारें: बीएमडब्ल्यू 2 सीरीज़, 3 सीरीज़ और 5 सीरीज़ (लॉन्ग व्हीलबेस), लग्जरी 7 सीरीज़ और स्पोर्ट्स वेरिएंट एम340आई। एसयूवी गाड़ियां: बीएमडब्ल्यू एक्स1, एक्स3, एक्स5, एक्स7 और इलेक्ट्रिक एसयूवी आईएक्स1। 2. सीधे विदेश से आने वाले मॉडल्स (सीबीयू यूनिट्स) ये कारें पूरी तरह से विदेश में बनकर भारत आती हैं, इसलिए ये पहले से ही काफी महंगी होती हैं। अब इन पर 2% दाम और बढ़ जाएंगे: इलेक्ट्रिक कारें: बीएमडब्ल्यू आई5 एम60, आई7, आई7 एम70 और आईएक्स। स्पोर्ट्स और कूपे कारें: एम440आई कन्वर्टिबल, एम2 कूपे, एम4 कॉम्पिटिशन, एम5 और दमदार बीएमडब्ल्यू एक्सएम। दाम बढ़ने के बाद भी कार खरीदना कैसे होगा आसान कीमतें जरूर बढ़ रही हैं, लेकिन कंपनी ने ग्राहकों को राहत देने के लिए अपने फाइनेंस प्लान्स को और आसान कर दिया है। 'बीएमडब्ल्यू स्मार्ट फाइनेंस' के जरिए ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से लोन प्लान चुन सकते हैं। इसके तहत ग्राहकों को कई फायदे मिलेंगे: सस्ती और आसान ईएमआई: हर महीने दी जाने वाली किस्त को आप अपने बजट के हिसाब से तय कर सकते हैं। कम ब्याज दर: कुछ चुनिंदा मॉडल्स पर कंपनी कम ब्याज दर का ऑफर दे रही है। बाय-बैक की गारंटी: गाड़ी पुरानी होने पर कंपनी उसे एक तय कीमत पर वापस खरीदने की गारंटी (एश्योर्ड बाय-बैक) भी देती है।



Comments
0