Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी की एक शातिर कोशिश नाकाम करते हुए मोटरसाइकिल की सीट के अंदर छुपाकर ले जाया जा रहा करीब सात किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है जबकि उनके पास से भारतीय और नेपाली मुद्रा, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। नेपाल से गांजे की खेप आने की मिली थी सूचना पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नेपाल से सिसवा गांव के रास्ते मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ की खेप लेकर लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट बाइपास और एनएच-28ए की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट बाइपास के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। सीट के अंदर बनाया था गुप्त ठिकाना पुलिस ने दोनों सवारों की जांच के साथ मोटरसाइकिल को भी बारीकी से खंगाला। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के भीतर बेहद सावधानी से छिपाकर रखा गया करीब सात किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने सीट को इस तरह इस्तेमाल किया था कि सामान्य जांच में गांजा नजर न आए। हालांकि पुलिस की सतर्कता और गहन तलाशी के कारण उनकी योजना विफल हो गई। भारतीय और नेपाली नागरिक गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदेश्वर प्रसाद कुशवाहा , निवासी सुखलहिया, थाना दरपा, पूर्वी चंपारण और मदन राउत , निवासी विश्रामपुर, थाना पोखरिया, जिला परसा, नेपाल के रूप में की गई है। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। नकद, मोबाइल और बाइक भी जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब सात किलोग्राम गांजा, 7000 रुपये भारतीय मुद्रा, 900 नेपाली रुपये, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कहां पहुंचानी थी खेप, जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप नेपाल के किस इलाके से लाई गई थी और बिहार में इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि सीमा पार तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की खेप भारत ला चुके हैं या नहीं। उनके संपर्कों, कॉल विवरण और संभावित स्थानीय सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।



Comments
0