Full Story

मुंबई/काठमांडू। इन दिनों नेपाल में मौजूद बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा कुब्रा सैत ने दुनिया के नामवर पर्वतारोही निर्मल 'निम्स' पुर्जा के निधन पर गहरा अफसोस जाहिर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की कहा कि निम्स का जाना उनके लिए सिर्फ एक खबर नहीं बल्कि बेहद निजी नुकसान है और पूरी पर्वतारोहण बिरादरी ने अपना एक सच्चा साथी खो दिया है। निम्स सिर्फ रिकॉर्ड नहीं, हौसले की मिसाल थे कुब्रा सैत ने कहा कि निर्मल 'निम्स' पुर्जा अपने दौर के सबसे बेहतरीन पर्वतारोहियों में शुमार थे। उन्होंने महज़ 6 महीने और 6 दिनों में दुनिया की सभी 14 आठ-हज़ारी चोटियों को फतह कर इंसानी हौसले की नई मिसाल कायम की। उनके मुताबिक, निम्स का सफर सिर्फ रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं था बल्कि वह हिम्मत, सब्र और पहाड़ों से बेपनाह मोहब्बत की पहचान थे। नेपाल में हूं... इसलिए यह दुख और भी ज़्यादा महसूस हो रहा है इन दिनों नेपाल में मौजूद कुब्रा ने कहा कि यही निम्स का वतन था इसलिए उनकी मौत की खबर ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के बीच रहकर यह खबर सुनना उनके लिए बेहद जज़्बाती लम्हा रहा। पहाड़ इंसान को झुकना सिखाते हैं कुब्रा ने पहाड़ों से मिली जिंदगी की सीख भी साझा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ इंसान को एहसास कराते हैं कि वह कितना छोटा है। उन्होंने कहा, "चोटी पर पहुंचना कभी आखिरी मंजिल नहीं होती। वहां कुछ पल खुशी मनाई जा सकती है लेकिन असली इम्तिहान महफूज तरीके से नीचे लौटने का होता है।" ...मैं उनसे कभी नहीं मिली, लेकिन रिश्ता दिल का था कुब्रा ने बताया कि उनकी निम्स से कभी मुलाकात नहीं हुई लेकिन पहाड़ों के लिए साझा जुनून ने उन्हें उनसे दिली तौर पर जोड़े रखा। उन्होंने कहा, "जिस किसी ने भी कभी पर्वतारोहण के जूते पहने हैं, ऊंचाई पर गहरी सांस ली है या किसी पहाड़ को इज्जत और हैरत से देखा है, वह जानता है कि हमने सचमुच अपना एक साथी खो दिया है।" आपकी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी कुब्रा सैत ने निम्स के खानदान, दोस्तों और दुनिया भर के पर्वतारोहियों के साथ अपने दुख का इजहार किया। उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि संदेश में कहा, "आराम से सुकून की नींद सोइए, निम्स। आपकी चढ़ाई भले पूरी हो गई हो लेकिन आपकी विरासत आने वाली नस्लों को हमेशा नई बुलंदियों तक पहुंचने का हौसला देती रहेगी।"