Full Story

नई दिल्ली। एसयूवी की बढ़ती लोकप्रियता और ग्राहकों की मजबूत मांग के दम पर इंडियन ऑटोमोबाइल मार्केट ने मई 2026 में शानदार रफ्तार पकड़ी, जहां पैसेंजर वाहनों की बिक्री मई 2025 के 3.03 लाख वाहनों से बढ़कर 3.80 लाख वाहनों पर पहुंच गई वहीं कुल वाहन निर्यात 4.80 लाख से बढ़कर 6.26 लाख इकाई हो गया। ऑटोमोबाइल कंपनियों के संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, मई 2025 में 3,03,099 पैसेंजर वाहन बिके थे, जो मई 2026 में 25.3 प्रतिशत बढ़कर 3,79,764 इकाई हो गए। इसमें सबसे बड़ा योगदान यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) सेगमेंट का रहा, जिसकी बिक्री 1,96,821 से बढ़कर 2,45,549 इकाई पहुंच गई। वहीं पैसेंजर कारों की बिक्री भी 28.8 प्रतिशत बढ़कर 93,951 से 1,20,975 इकाई हो गई। विदेशी बाजारों में भी बढ़ी इंडियन कारों की चमक घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात में भी भारतीय कार कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत रहा। पैसेंजर वाहनों का निर्यात मई 2025 के 67,181 वाहनों से बढ़कर मई 2026 में 76,051 इकाई हो गया। एसयूवी निर्यात 32,411 से बढ़कर 41,756 इकाई पहुंच गया। हालांकि पैसेंजर कारों का निर्यात मामूली गिरावट के साथ 33,902 से 33,762 इकाई रहा। स्कूटर-बाइक की बिक्री ने भी पकड़ी रफ्तार दोपहिया वाहन सेगमेंट ने भी दमदार प्रदर्शन किया। मई 2025 में जहां 16,57,116 दोपहिया वाहन बिके थे, वहीं मई 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 19,02,209 इकाई पर पहुंच गया। स्कूटर बिक्री 5,80,696 से बढ़कर 7,39,667 और मोटरसाइकिल बिक्री 10,39,156 से बढ़कर 11,13,973 इकाई हो गई। निर्यात में टू व्हीलर्स कंपनियों का दम विदेशी बाजारों में भी इंडियन टू-व्हीलर्स की मांग बढ़ी है। मई 2025 में 3,80,979 टू-व्हीलर्स का निर्यात हुआ था, जो मई 2026 में 31.3 प्रतिशत बढ़कर 5,00,075 इकाई पर पहुंच गया। स्कूटर निर्यात 34.7 प्रतिशत और मोटरसाइकिल निर्यात 31 प्रतिशत बढ़ा। ऑटो-रिक्शा बाजार भी फुल स्पीड में थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी शानदार उछाल देखने को मिला। घरेलू बिक्री मई 2025 के 53,942 वाहनों से बढ़कर मई 2026 में 70,720 इकाई हो गई। पैसेंजर कैरियर की बिक्री 44,354 से बढ़कर 57,649 और मालवाहक वाहनों की बिक्री 8,720 से बढ़कर 11,802 इकाई हो गई। निर्यात में थ्री-व्हीलर ने मारी बाजी निर्यात के मोर्चे पर सबसे तेज रफ्तार थ्री-व्हीलर खंड में दर्ज की गई। मई 2025 में 31,084 थ्री-व्हीलर निर्यात हुए थे, जो मई 2026 में बढ़कर 48,513 इकाई हो गए। पैसेंजर कैरियर निर्यात 30,838 से बढ़कर 48,246 इकाई पहुंच गया। कुल वाहन बिक्री 23.5 लाख के पार सभी श्रेणियों को मिलाकर मई 2025 में देश में 20,14,158 वाहनों की बिक्री हुई थी, जो मई 2026 में 16.8 प्रतिशत बढ़कर 23,52,693 इकाई हो गई। इसी अवधि में कुल वाहन निर्यात 4,79,538 से बढ़कर 6,25,731 इकाई पर पहुंच गया। उत्पादन भी 25.83 लाख से बढ़कर 29.28 लाख वाहनों तक पहुंच गया, जो भारतीय ऑटो उद्योग की मजबूत रफ्तार का संकेत है।