Full Story

पटना। छात्रों के कई चरण के आंदोलन और प्रदर्शन के बाद आखिरकार बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा टीआरई-4.0 के तहत कक्षा एक से 12वीं तक के कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन एक सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेंगे। किस कक्षा में कितने पद? यहां समझें पूरा गणित बीपीएससी की विस्तृत अधिसूचना में प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के पदों का अलग-अलग ब्योरा दिया गया है। * कक्षा एक से पांच: 3,417 पद * कक्षा छह से आठ: 8,563 पद * कक्षा नौ से 10: 16,101 पद * कक्षा 11 से 12: 4,307 पद इस तरह कुल रिक्तियों की संख्या 32,388 है। इनमें सबसे ज्यादा पद कक्षा नौ से 10 तक के माध्यमिक विद्यालय शिक्षकों के लिए रखे गए हैं। अधिसूचना के शुरुआती चार पन्नों में विषय और आरक्षण श्रेणी के अनुसार इन पदों का विस्तृत बंटवारा दिया गया है। 01 सितंबर से आवेदन, 30 सितंबर आखिरी मौका ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया एक सितंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन पत्र भरने और अंतिम रूप से जमा करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले बीपीएससी की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत निर्देशों को ध्यान से पढ़ना होगा। आवेदन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। चार स्तरों पर होगी शिक्षकों की भर्ती यह भर्ती अभियान सरकारी विद्यालयों में चार अलग-अलग स्तरों के शिक्षकों के लिए चलाया जाएगा— प्राथमिक शिक्षक कक्षा एक से पांच तक के शिक्षकों के लिए 3,417 पद निर्धारित किए गए हैं। नियुक्त उम्मीदवारों को हर महीने 25 हजार रुपये का मूल वेतन और राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते मिलेंगे। मध्य विद्यालय शिक्षक कक्षा छह से आठ तक के लिए 8,563 पद हैं। इन पदों पर चयनित शिक्षकों का मूल वेतन 28 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। माध्यमिक शिक्षक कक्षा नौ और 10 के लिए सबसे ज्यादा 16,101 पद निकाले गए हैं। माध्यमिक विद्यालय शिक्षकों को 31 हजार रुपये प्रतिमाह मूल वेतन के साथ नियमानुसार भत्ते मिलेंगे। उच्च माध्यमिक शिक्षक कक्षा 11 और 12 के लिए 4,307 पद निर्धारित हैं। इन पदों पर नियुक्त शिक्षकों का मूल वेतन 32 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। सीटेट, बीटेट और एसटीईटी की पात्रता जरूरी भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को संबंधित कक्षा के अनुसार निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।कक्षा एक से पांच के लिए सीटेट या बीटेट पेपर-एक , कक्षा छह से आठ के लिए सीटेट या बीटेट पेपर-दो , कक्षा नौ से 10 के लिए एसटीईटी पेपर-एक और कक्षा 11 से 12 के लिए एसटीईटी पेपर-दो उत्तीर्ण होना जरूरी है। हालांकि, अधिसूचना में अलग-अलग कक्षा और विषयों के लिए शैक्षणिक तथा प्रशिक्षण योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। इसलिए उम्मीदवारों को अपने विषय और पद से संबंधित योग्यता का पूरा विवरण जांचने के बाद ही आवेदन करना चाहिए। एसटीईटी-2026 के अभ्यर्थियों को भी मौका अधिसूचना में एसटीईटी-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी प्रावधान किया गया है। ऐसे उम्मीदवार आवेदन करते समय निर्धारित स्वघोषणा दे सकेंगे, लेकिन उन्हें आयोग द्वारा तय समय और प्रक्रिया के अनुसार पात्रता का प्रमाण देना होगा। कितनी होनी चाहिए उम्र? आयु की गणना एक अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्राथमिक और मध्य विद्यालय शिक्षक पदों के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष , जबकि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष रखी गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष , पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष तथा सभी वर्गों की महिलाओं के लिए 40 वर्ष , जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 42 वर्ष है। सरकारी नियमों के तहत पात्र उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी। ऑब्जेक्टिव परीक्षा, गलत जवाब पर कटेंगे अंक शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। प्रश्नपत्र में कुल 150 प्रश्न होंगे और प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा। परीक्षा में निगेटिव अंक का प्रावधान भी रखा गया है। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटा जाएगा। हर प्रश्न के पांच विकल्प होंगे और उम्मीदवार को सही विकल्प चुनकर दर्ज करना होगा। एक से ज्यादा वर्ग के लिए देना होगा अलग शुल्क अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी को 100 रुपये प्रति वर्ग आवेदन शुल्क देना होगा। कोई उम्मीदवार एक से ज्यादा वर्ग—जैसे कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ—के लिए आवेदन करता है तो उसे प्रत्येक वर्ग का अलग-अलग शुल्क जमा करना होगा। इसके अलावा 200 रुपये बायोमेट्रिक शुल्क भी देय होगा। ओटीआर के बिना नहीं भर पाएंगे फॉर्म आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले बीपीएससी के ऑनलाइन पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर पूरा करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, पता, योग्यता, अनुभव, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर प्रोफाइल लॉक करनी होगी। प्रोफाइल लॉक होने के बाद उम्मीदवार सक्रिय विज्ञापन में जाकर शुल्क जमा करके आवेदन पूरा कर सकेंगे। आयोग ने डिजिलॉकर के जरिए दस्तावेज जोड़ने की सुविधा भी दी है। उम्मीदवारों को आवेदन जमा करने से पहले सभी सूचनाओं को सावधानी से जांचना होगा, क्योंकि प्रोफाइल लॉक होने के बाद कई जानकारियों में बदलाव नहीं किया जा सकेगा। जिले और विषय के आधार पर होगा पदों का आवंटन अधिसूचना में विषय, आरक्षण श्रेणी और जिले के अनुसार पदों की संख्या दी गई है। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और अन्य विषयों के पद शामिल हैं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या शिक्षा विभाग की जरूरत और प्रशासनिक फैसलों के आधार पर घट या बढ़ सकती है।