Full Story

नई दिल्ली। इंडियन टेबल टेनिस की नई जोड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह ने विश्व मंच पर बड़ा धमाका करते हुए अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस संघ (आइटीटीएफ) की ताजा पुरुष युगल रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया और सीनियर स्तर पर भारत की सबसे सफल जोड़ी बनने का इतिहास रच दिया। पिछले सप्ताह तीसरे स्थान पर पहुंचकर रिकॉर्ड बनाने वाली इस भारतीय जोड़ी ने इस बार एक और छलांग लगाई और अपना ही रिकॉर्ड बेहतर कर दिया। इससे पहले भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग का रिकॉर्ड अर्चना कामथ और मनिका बत्रा के नाम था, जिन्होंने 2022 में महिला युगल में विश्व नंबर-4 स्थान हासिल किया था। विश्व रैंकिंग में चीन की लिन शिडोंग और हुआंग योजेंग की जोड़ी 5160 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है जबकि मानव ठक्कर-मानुष शाह 3390 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। पिछले सप्ताह दूसरे नंबर पर मौजूद फ्रांस के एलेक्सिस और फेलिक्स लेब्रुन पांचवें स्थान पर खिसक गए, जिसका फायदा भारतीय जोड़ी को मिला। शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम भारतीय दिग्गज शरत कमल के मार्गदर्शन में खेल रही मानव-मानुष की जोड़ी पिछले एक साल से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। दोनों ने 2026 सिंगापुर स्मैश के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया, 2025 डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर फोज दो इगुआसू में फाइनल खेला और 2026 डब्ल्यूटीटी कंटेंडर लागोस का खिताब अपने नाम किया। एशियन गेम्स से पहले भारत के लिए बड़ा संकेत यह उपलब्धि ऐसे समय आई है, जब 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होना है। मानव और मानुष भारतीय टीम का हिस्सा हैं और उनकी शानदार रैंकिंग ने पदक की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि भारत के पास अब तीनों डबल्स वर्गों में टॉप-10 रैंकिंग वाली जोड़ियां मौजूद हैं। दिया चिताले और मानुष शाह मिश्रित युगल में विश्व नंबर-5 पर हैं, जबकि दिया चिताले और यशस्विनी घोरपड़े महिला युगल में विश्व नंबर-10 पर काबिज हैं। सिंगल्स में भी मजबूत मौजूदगी पुरुष एकल रैंकिंग में मानव ठक्कर भारत के शीर्ष खिलाड़ी हैं और विश्व में 38वें स्थान पर हैं जबकि मानुष शाह 40वें नंबर पर मौजूद हैं। महिला एकल में मनिका बत्रा भारत की सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं। उनकी विश्व रैंकिंग 51 है, हालांकि उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया है।