Full Story
पटना। पटना, 24 जुलाई (भाषा): राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने गुरुवार को पटना में सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की, जबकि राजद और जन सुराज के कई अन्य नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में शुक्रवार को आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने श्री तिवारी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान राजद और जन सुराज के कई नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वालों में सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार अशोक, जन सुराज के मुकेश शुक्ला, अमर कुमार सिंह और कौशल कुमार, जबकि राजद के संदीप कुमार दुबे, मनीष कुमार, सावन कुमार गुप्ता, अमित चौबे और अंकित कुमार समेत सैकड़ों समर्थक शामिल रहे। 'शुचिता की राजनीति करने वाला व्यक्ति अब सही जगह आया' भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मृत्युंजय तिवारी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वे लंबे समय से उन्हें एक प्रभावशाली प्रवक्ता के रूप में सुनते रहे हैं। उन्हें हमेशा लगता था कि शुचिता की राजनीति करने वाला एक योग्य व्यक्ति गलत दल में है। अब उनके भाजपा में आने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं। 'मोदी के नेतृत्व में बढ़ रहा भाजपा का जनाधार' श्री सरावगी ने दावा किया कि भाजपा देशभर में लगातार अपना जनाधार बढ़ा रही है। पश्चिम बंगाल से लेकर असम तक हर चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों में लगातार भगदड़ मची हुई है और अलग-अलग विचारधाराओं के लोग भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मृत्युंजय तिवारी एक प्रभावशाली वक्ता और कुशल संगठनकर्ता हैं। उनके अनुभव और राजनीतिक समझ का लाभ भाजपा संगठन को मिलेगा। 'मृत्युंजय तिवारी हमेशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के करीब रहे' पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि मृत्युंजय तिवारी ने एक प्रवक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है और उनका वर्षों पुराना व्यक्तिगत संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि तिवारी हमेशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार के करीब रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृत्युंजय तिवारी ने धारा 370 हटाने और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण जैसे फैसलों का खुलकर समर्थन किया था। ऐसे में उनके भाजपा परिवार में शामिल होने से संगठन को नई ताकत और ऊर्जा मिलेगी। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार झा, डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और प्रभात मालाकार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



Comments
0