Full Story

नई दिल्ली। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने दिल्ली में आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री (पीएम) नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भक्तिमय प्रस्तुति दी, जहां सिंगर साधु एस. तिवारी ने चर्चित गीत ‘पार्वती’ पेश किया, जबकि फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने ‘हृदय में जिनके सियाराम’ गाकर फिल्म के संगीत को लाइव मंच पर पेश किया। भक्ति और आधुनिक संगीत का दिखा संगम कार्यक्रम में भक्ति संगीत को आधुनिक प्रस्तुति के साथ पेश किया गया। ‘हनुमान अंश’ की टीम के लिए यह मौका उस समय खास बन गया, जब फिल्म से जुड़े साधु एस. तिवारी और विशाल चतुर्वेदी ने मंच संभाला। साधु तिवारी ने फिल्म का भक्ति गीत ‘पार्वती’ प्रस्तुत किया। इसके बाद विशाल चतुर्वेदी ने ‘हृदय में जिनके सियाराम’ गाया। विज्ञप्ति के मुताबिक, यह गीत फिल्म के साउंडट्रैक का हिस्सा है और इसे आवाज देने के साथ इसके बोल और संगीत भी विशाल चतुर्वेदी ने तैयार किए हैं। ‘पार्वती’ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बनाई पहचान विज्ञप्ति में फिल्म के संगीत की डिजिटल सफलता के आंकड़े भी साझा किए गए हैं। इसके मुताबिक, बुंदेली लोक संगीत से प्रेरित ‘पार्वती’ यूट्यूब के भारत के वीकली टॉप सॉन्ग्स चार्ट में नंबर-1 और ग्लोबल म्यूजिक चार्ट में नंबर-2 तक पहुंच चुका है। गीत को 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिलने का दावा किया गया है। साथ ही दुनियाभर में इंस्टाग्राम पर इस गाने के साथ 7 लाख से अधिक रील्स बनाए जाने की बात कही गई है। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को भी मिला रिस्पॉन्स ‘हनुमान अंश’ का संगीत केवल ‘पार्वती’ तक सीमित नहीं है। विज्ञप्ति के अनुसार, ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रोताओं की प्रतिक्रिया मिली है। सोशल मीडिया पर इसके अलग-अलग क्रॉस-बॉर्डर वर्जन सामने आने से इसकी पहुंच और बढ़ी। फिल्म की टीम का कहना है कि ‘हनुमान अंश’ के भक्ति गीतों ने एक ओर पारंपरिक संगीत सुनने वाले दर्शकों के बीच जगह बनाई है, वहीं डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इन्हें वैश्विक स्तर पर भी दर्शक मिले हैं। लाइव मंच पर सामने आई ‘हनुमान अंश’ की संगीत यात्रा दिल्ली का भजन क्लबिंग कार्यक्रम फिल्म की संगीत यात्रा के लिए एक खास मौका रहा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुने जा रहे गीतों को विशाल चतुर्वेदी और साधु एस. तिवारी ने मंच पर लाइव प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई इस प्रस्तुति के जरिए ‘हनुमान अंश’ की टीम ने फिल्म के भक्तिमय संगीत को डिजिटल स्क्रीन से निकालकर लाइव मंच तक पहुंचाया।