Full Story
पटना। बिहार में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने शनिवार को राज्य के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 10 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि लगातार हो रही बारिश के कारण पटना में गंगा का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। 10 जिलों में भारी बारिश, तेज हवा का भी अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, यलो अलर्ट वाले 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। अगले सात दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून आईएमडी का कहना है कि अगले सात दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। राजधानी पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूरे राज्य में मानसूनी गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी। गंगा का जलस्तर बढ़ा, पटना में खतरे के निशान से ऊपर उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार में भी दिखने लगा है। गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। दीघा घाट पर खतरे का निशान 50.45 मीटर और गांधी घाट पर 48.60 मीटर निर्धारित है। जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। बारिश से तापमान में मिलेगी राहत मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राजधानी पटना में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें आने वाले दिनों में कमी आने के संकेत हैं। रोहतास में सबसे ज्यादा बारिश पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 41 मिलीमीटर बारिश रोहतास जिले में दर्ज की गई। इसके अलावा किशनगंज में 26 मिमी , अररिया में 18 मिमी , गोपालगंज में 13 मिमी और समस्तीपुर में 6.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 41 प्रतिशत कम बारिश, खेती की चिंता बरकरार हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद बिहार में बारिश की कमी अब भी बनी हुई है। अब तक राज्य में 41 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि तक बिहार में 690.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 410.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है। इससे किसानों की चिंता बनी हुई है और खरीफ फसलों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।



Comments
0