Full Story
पटना/बांका। बिहार के बांका जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़ी 26 विकास योजनाओं के अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के एवज में कथित तौर पर 75 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए फुल्लीडुमर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित प्रताप सिंह और उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। शिकायत के बाद शुरू हुई निगरानी की कार्रवाई निगरानी ब्यूरो के अनुसार, बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के बदलाचक निवासी गौतम प्रकाश ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फुल्लीडुमर के प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़ी 26 योजनाओं को मंजूरी देकर लागू कराने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन में रिश्वत मांगने का आरोप प्रथमदृष्टया सही मिला ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण मिले, जिसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 102/2026 , दिनांक 21 अगस्त 2026, दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। बीडीओ के किराये के मकान में पकड़े गए दोनों आरोपी धावादल ने एक सितंबर को कार्रवाई करते हुए बीडीओ अमित प्रताप सिंह और उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को नेहरू कॉलोनी, बांका स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया। अमित प्रताप सिंह को मामले का प्राथमिक अभियुक्त और बच्चन कुमार सिंह को अप्राथमिक अभियुक्त बताया गया है। दोनों पर 75 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। विशेष निगरानी अदालत में किए जाएंगे पेश निगरानी ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को भागलपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।



Comments
0