Full Story

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान करते हुए आज कहा कि आने वाले वर्षों में हर घर पीएनजी, रोजगार के नए अवसर, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सीतामढ़ी में भव्य सीता मंदिर जैसी योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा। श्री चौधरी ने गुरुवार को यहां नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत पीपलावां में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, गैस कनेक्शन, किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार की योजनाओं का खाका पेश करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार की तस्वीर बदलने का लक्ष्य है। सीतामढ़ी में बनेगा भव्य सीता मंदिर मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतामढ़ी में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से मां सीता का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है, जिसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का दावा है कि यह मंदिर धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टि से बड़ा केंद्र बनेगा। 2030 तक हर गांव में पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य सरकार ने दावा किया कि वर्ष 2030 तक बिहार के सभी ग्रामीण इलाकों में घर-घर तक पाइपलाइन के जरिए नैचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की गैस सिलेंडर पर निर्भरता कम होने के साथ ही उनकी जेब पर बोझ घटेगा। जाम से राहत के लिए बनेगा नया पुल नौबतपुर क्षेत्र में लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे लोगों को राहत देने के लिए एक बड़े पुल के निर्माण की घोषणा की गई। सरकार का कहना है कि इससे आवागमन आसान होगा और ट्रैफिक दबाव कम होगा। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि जिला और अनुमंडल अस्पतालों में अनावश्यक रेफरल की व्यवस्था पर रोक लगाई जाएगी ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सके। रोजगार, शिक्षा और निवेश पर जोर मुख्यमंत्री ने एक करोड़ लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का सरकार का लक्ष्य दोहराया और कहा कि बिहार में निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी दी जाएगी ताकि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। कानून-व्यवस्था पर सख्त संदेश श्री चौधरी ने अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी या माफिया लोगों को परेशान करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है और पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। गांवों में विकसित होंगे बाजार और बिक्री केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर पर सब्जी बाजार, मछली बाजार और दूध बिक्री केंद्र विकसित करने की योजना का भी ऐलान किया गया। सरकार का मानना है कि इससे किसानों और छोटे कारोबारियों को सीधा फायदा मिलेगा। विकास के दावों के साथ चुनावी संदेश भी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विकसित भारत और आत्मनिर्भर बिहार को सरकार का साझा लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।