Full Story
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड में बाहीन नगर नदी के उफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी का पानी तेजी से फैलते हुए बिधौर और शिकारपुर पंचायत के एक दर्जन से अधिक गांवों में प्रवेश कर गया है। हालात ऐसे हैं कि मुख्यमंत्री सड़क पर घुटने भर पानी बह रहा है , जिससे ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। अचानक बढ़ते जलस्तर ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में बाढ़ का पानी बिधौर और शिकारपुर पंचायत के कई गांवों में फैल चुका है। प्रभावित गांवों में देगरापारा, खिजीनडारी, पररामपुर, माहीनगर समेत एक दर्जन से अधिक गांव शामिल हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण लोगों के घरों और खेतों में पानी घुसने लगा है। मुख्यमंत्री सड़क पर बह रहा तेज पानी पररामपुर से देगरापारा को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर घुटने भर पानी बह रहा है। सड़क के ऊपर तेज बहाव होने के कारण लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी भी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। 'पलभर में गांव में घुस गया पानी' स्थानीय ग्रामीण रुस्तम अली ने बताया कि बाढ़ का पानी अचानक गांव में प्रवेश कर गया, जिससे लोग संभल भी नहीं पाए। उन्होंने कहा कि एक दर्जन से अधिक गांव पूरी तरह प्रभावित हैं और सड़क पर तेज बहाव के बीच आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी परेशानी मवेशियों के चारे की है। बाढ़ के कारण लोग पशुओं के लिए चारा भी सुरक्षित नहीं रख पाए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत सामग्री, पशु चिकित्सा टीम और चारे की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है। प्रशासन ने जारी किया अलर्ट अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साहा ने बताया कि सभी हल्का कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें, सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रहें तथा अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में न जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने नाव की समुचित व्यवस्था कर रखी है और जहां भी जरूरत होगी, तुरंत नाव उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



Comments
0