Full Story
नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच के कथित 'शुद्धिकरण' मामले में अबतक कार्रवाई न किए जाने वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि जातिवादी कृत्य करने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई जबकि उसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। 'शुद्धिकरण' करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि श्री मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच का 'शुद्धिकरण' करने वालों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इसके उलट इस घटना का विरोध करने वाले श्री राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की दलित विरोधी तथा संविधान विरोधी सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मानसिकता के खिलाफ लोकतांत्रिक और कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। प्रधानमंत्री से चुप्पी तोड़ने की मांग कुमारी सैलजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान और संविधान की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है और पार्टी इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। असली सवाल राहुल पर एफआईआर नहीं, 'शुद्धिकरण' करने वालों पर कार्रवाई का है कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल श्री गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी नहीं बल्कि उन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं होना है, जिन्होंने कथित तौर पर मंच का 'शुद्धिकरण' किया और कराया।उन्होंने कहा कि श्री खरगे स्वयं संसद में यह कह चुके हैं कि इस घटना से उन्हें छुआछूत का एहसास हुआ और उनकी भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तराखंड सरकार इस मामले में कथित 'शुद्धिकरण' करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से क्यों बच रही है। सुरजेवाला का आरोप—भाजपा ने दिखाया अपना असली चेहरा कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर भाजपा सरकार ने अपना वास्तविक चेहरा सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि दलितों, वंचितों और सामाजिक समानता की लड़ाई संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है और मुकदमों के जरिए कांग्रेस या राहुल गांधी को इस मुद्दे पर आवाज उठाने से नहीं रोका जा सकता।



Comments
0