Full Story
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन अपराधियों ने एसबीआई शाखा से 4.28 लाख रुपये निकालकर लौट रहे ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक मुकेश कुमार को दिनदहाड़े गोली मारकर रुपये लूट लिए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच तेज कर दी है। बैंक से रुपये निकालकर लौटते समय हुई वारदात पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि महुआई मुर्शिदा गांव निवासी सीएसपी संचालक मुकेश कुमार निमुइया स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 4.28 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बगहा पोखर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। लूट का विरोध किया तो चला दी गोली मुकेश कुमार ने जब लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़े। अपराधी रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने घायल सीएसपी संचालक को रहमानिया मेडिकल सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। 2020 में भी मुकेश से हुई थी लूट परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार के साथ यह पहली वारदात नहीं है। वर्ष 2020 में भी उनसे करीब 83 हजार रुपये लूट लिए गए थे। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। डीएसपी, थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), घोड़ासहन थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Comments
0