Full Story
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 451 किलोग्राम गांजा और बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया जबकि एक आरोपी सीमा का फायदा उठाकर नेपाल फरार हो गया। कोसी नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा था 451 किलो गांजा एसएसबी 45वीं बटालियन बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 31 जुलाई की सुबह सीमा चौकी पिपराही और बिहार पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्पर संख्या-1500 के पास कोसी नदी किनारे झाड़ियों में छुपाकर रखे गए 14 बंडलों में करीब 451 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करों ने नदी मार्ग के जरिए गांजे की खेप लाकर दो स्पर के बीच झाड़ियों में छुपा दी थी। बरामद गांजे को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रतनपुरा थाना के सौंप दिया गया। महादलित टोला से नेपाली शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार श्री सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को एसएसबी की त्वरित कार्रवाई टीम और बिहार पुलिस ने सूचना के आधार पर बीरपुर के महादलित टोला में संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सुधीर पंडित के घर से 23.325 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी और बरामद शराब को बीरपुर थाना के हवाले कर दिया गया। सीमा पर स्कूटी सवार के पास मिला प्रतिबंधित सामान इसी दिन रात करीब 10:25 बजे सीमा चौकी नियोर पर विशेष नाका जांच के दौरान भारत से नेपाल जा रहे एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के रामपुर निवासी राजेश शाह के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 20 किलोग्राम 'प्रोटिटा (प्रोटीन)' बरामद हुआ। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामग्री और स्कूटी को लैंड कस्टम कार्यालय, कुनौली के हवाले कर दिया गया। साइकिल छोड़कर नेपाल भागा तस्कर, 54 लीटर शराब बरामद सीमा चौकी शैलेशपुर पर विशेष नाका ड्यूटी के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 206/4 के पास एक व्यक्ति साइकिल पर बोरी लेकर आता दिखाई दिया। जवानों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन नेपाल सीमा नजदीक होने का फायदा उठाकर वह साइकिल और बोरी छोड़कर नेपाल भाग गया। बोरी की तलाशी में 54 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई, जिसे उत्पाद विभाग, सिमराही को सौंप दिया गया। एसएसबी बोली- सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी श्री सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



Comments
0