Full Story
मुंबई। अभिनेत्री नुसरत भरूचा की हॉरर-ड्रामा फिल्म 'छोरी 2' उनके फिल्मी सफर की सबसे बड़ी कामयाबियों में शुमार हो गई है। फिल्म में 'साक्षी' के दमदार किरदार के लिए नुसरत को अब तक सात बड़े अवॉर्ड्स मिल चुके हैं। रिलीज के एक साल से ज्यादा वक्त गुजरने के बाद भी उनके अभिनय की लगातार तारीफ हो रही है, जिसने इस फिल्म को उनके करियर की सबसे खास फिल्मों में शामिल कर दिया है। 'साक्षी' के किरदार ने छोड़ी गहरी छाप निर्देशक विशाल फूरिया की इस हॉरर-ड्रामा फिल्म में कहानी एक मां के जद्दोजहद की है, जो अपनी बेटी की हिफाज़त के लिए अलौकिक ताकतों और समाज की बुराइयों का डटकर सामना करती है। नुसरत भरूचा ने अपने अभिनय में जज़्बात, हिम्मत और मजबूती का ऐसा संगम पेश किया, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। हर मंच पर मिली अभिनय की तारीफ 'छोरी 2' की सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि नुसरत को मिला सम्मान किसी एक अवॉर्ड शो तक सीमित नहीं रहा। अलग-अलग फिल्म अवॉर्ड्स, जूरी और क्रिटिक्स ने उनके अभिनय को सराहा। यही वजह है कि पूरी अवॉर्ड सीजन में यह फिल्म लगातार चर्चा का हिस्सा बनी रही। ओटीटी फिल्मों की बढ़ती अहमियत यह फिल्म इस बात की भी मिसाल बनी कि अब ओटीटी पर रिलीज होने वाली फिल्मों को भी बड़े सम्मान और गंभीरता से देखा जा रहा है। मजबूत कहानी और महिला-केंद्रित फिल्मों को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी भरपूर सराहना मिल रही है। करियर का सबसे मजबूत किरदार 'छोरी', 'जनहित में जारी' और 'अकेली' जैसी फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाने के बाद 'छोरी 2' की साक्षी नुसरत भरूचा के सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार किरदारों में शामिल हो चुकी है। सात प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स के साथ यह फिल्म न सिर्फ उनके अभिनय का नया मुकाम बनी है बल्कि डिजिटल मनोरंजन की सबसे दमदार अभिनेत्रियों में भी उनकी पहचान को और मजबूत कर गई है।



Comments
0