Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के लिए बुधवार का दिन दर्द, मातम और असहनीय पीड़ा लेकर आया। कुछ ही घंटों के भीतर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में चार महिलाओं और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुगौली में पिकअप-टेंपो की भिड़ंत ने उजाड़े चार घर सबसे भीषण हादसा सुगौली थाना क्षेत्र के नवका टोला गांव के समीप मोतिहारी-बेतिया एनएच-28बी पर हुआ। तेज रफ्तार पिकअप और टेंपो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में बेतिया के नया टोला निवासी 28 वर्षीय रुबीना खातून, 22 वर्षीय आयशा खातून, सात वर्षीय जायद खान तथा सुगौली थाना क्षेत्र के छगराहां निवासी 32 वर्षीय टेंपो चालक भैरव साह शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो छपवा से बेतिया की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री उसके भीतर फंस गए। हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। रामगढ़वा में मां-बेटी की मौत, ससुराल विदाई से पहले टूट गया परिवार दिन का दूसरा दर्दनाक हादसा रामगढ़वा थाना क्षेत्र के भलुअहिया गांव के समीप रामगढ़वा-रक्सौल राष्ट्रीय राजमार्ग-28ए पर हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में रक्सौल थाना क्षेत्र के सिंहोरवा गांव निवासी 35 वर्षीय सावित्री देवी और उनकी मां 55 वर्षीय मुन्नी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि सावित्री देवी अपने मायके आई हुई थीं और ससुराल लौटने के लिए बस पकड़ने जा रही थीं। उन्हें विदा करने के लिए मां और अन्य परिजन सड़क किनारे पहुंचे थे। लेकिन विदाई के कुछ ही क्षण पहले तेज रफ्तार कंटेनर ने पूरे परिवार को रौंद दिया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और राष्ट्रीय राजमार्ग-28ए को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी, मृतकों के परिजनों को मुआवजा और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। ढ़ाका में स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर, एक युवक गंभीर तीसरी दुर्घटना ढाका थाना क्षेत्र में भगवानपुर और करमावा गांव के बीच हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। रफ्तार बन रही मौत का कारण एक ही दिन में तीन सड़क दुर्घटनाओं ने पूर्वी चंपारण को झकझोर कर रख दिया है। लगातार बढ़ते सड़क हादसे और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। बुधवार की यह त्रासदी कई परिवारों के लिए ऐसी टीस छोड़ गई है, जिसे शायद समय भी आसानी से नहीं भर पाएगा। जिला प्रशासन और पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इन हादसों की पुनरावृत्ति रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।



Comments
0