Full Story

मुंबई। लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा सफर तय किया है, जिसने उसे साल की सबसे चौंकाने वाली सफल फिल्मों में शामिल कर दिया है। नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म ने रिलीज़ के पांचवें रविवार को ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि इसकी शुरुआत महज ₹10 लाख की ओपनिंग और केवल 25 स्क्रीन्स से हुई थी। 07 अगस्त को 25 स्क्रीन्स से हुई थी शुरुआत ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिर्फ 25 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई थी। शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार बेहद धीमी रही और पहले हफ्ते में इसने 1.08 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दूसरे हफ्ते में कमाई और घटकर करीब 40 लाख रुपये रह गई लेकिन यहीं से फिल्म की कहानी ने अप्रत्याशित मोड़ लिया। तीसरे हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने जोरदार वापसी करते हुए 10.40 करोड़ रुपये की कमाई की। यही वह दौर था जब फिल्म के बढ़ते वर्ड ऑफ माउथ और दर्शकों के बीच उसकी आध्यात्मिक अपील ने बॉक्स ऑफिस पर उसका ग्राफ तेजी से ऊपर उठाना शुरू किया। इसके बाद फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी और आखिरकार पांचवें रविवार को ₹100 करोड़ क्लब में प्रवेश कर गई। कहानी और निर्देशन दोनों में विशाल चतुर्वेदी की भूमिका फिल्म की इस कामयाबी के केंद्र में लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की रचनात्मक भूमिका रही। उन्होंने न सिर्फ ‘हनुमान अंश’ की कहानी लिखी, बल्कि उसका निर्देशन भी किया और फिल्म की आध्यात्मिक जड़ों को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से पेश किया। उनकी कहानी कहने की शैली और स्पष्ट निर्देशन ने फिल्म को शुरुआती सीमित रिलीज़ से निकालकर बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बड़ी फिल्मों के बीच भी नहीं टूटी पकड़ ‘हनुमान अंश’ की सफलता को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि फिल्म ने कई बड़ी रिलीज़ के बीच भी अपना कारोबार बनाए रखा। फिल्म ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी बड़ी रिलीज़ के दौरान भी अपनी पकड़ नहीं छोड़ी और अपनी बॉक्स ऑफिस यात्रा में ‘टॉक्सिक’ जैसी बड़ी रिलीज़ को भी पीछे छोड़ा। पांचवें शुक्रवार की कमाई ने भी खींचा ध्यान रिपोर्ट्स के हवाले से दावा किया गया है कि ‘हनुमान अंश’ की पांचवें शुक्रवार की कमाई कई बड़ी हिंदी फिल्मों की पांचवें शुक्रवार की कमाई से भी ज्यादा रही। इसे फिल्म के मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और दर्शकों के बीच बढ़ती लोकप्रियता का संकेत माना जा रहा है। आस्था, कहानी और दर्शकों का जुड़ाव बना ताकत विज्ञप्ति के मुताबिक, फिल्म की सफलता ने यह दिखाया है कि मजबूत कहानी, आध्यात्मिक विषय और दर्शकों से जुड़ाव मिलकर सीमित शुरुआत वाली फिल्म को भी बड़े स्तर तक पहुंचा सकते हैं। ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा अब इस बात का उदाहरण बन गई है कि शुरुआती धीमी कमाई के बावजूद लगातार बढ़ता वर्ड ऑफ माउथ किसी फिल्म की पूरी तस्वीर बदल सकता है।