Full Story
एवियन (फ्रांस)/नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक कॉरिडोर (आई-मेक) को वैश्विक विकास का नया इंजन बताते हुए आज कहा कि यह परियोजना एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप को जोड़कर व्यापार, निवेश, रोजगार और नवाचार के नए अवसर पैदा करेगी। श्री मोदी ने फ्रांस की अध्यक्षता में आयोजित जी7 बैठक में कहा कि आज विकास का मतलब केवल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और व्यापार के आंकड़े नहीं हैं बल्कि यह देखना जरूरी है कि विकास किसके लिए और किस दिशा में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा केवल देश की कहानी नहीं बल्कि दुनिया की लगभग छठी आबादी के सशक्तिकरण की कहानी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत संरक्षणवाद नहीं बल्कि साझेदारी और वैश्विक एकीकरण में विश्वास रखता है। प्रधानमंत्री ने आई-मेक को एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा, "इससे वैश्विक सप्लाई चेन मजबूत होगी और भागीदार देशों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने ऐसे कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई, जिनमें स्थानीय भागीदारी, पारदर्शी वित्तपोषण और दीर्घकालिक स्थिरता हो।" ग्लोबल साउथ के लिए नई पहल का सुझाव मोदी ने अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और प्रशांत द्वीपीय देशों को जोड़ने के लिए आईएमपीएसीटी (इंटरनेशनल मोबिलाइजेशन पार्टनरशिप फॉर एक्सलरेटिंग कनेक्टिविटी एंड ट्रेड) नामक नई पहल का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और अवसरों का वैश्विक नेटवर्क तैयार किया जा सकेगा। युवाओं की ताकत को दुनिया से जोड़ने की बात प्रधानमंत्री ने विकसित देशों में बढ़ती बुजुर्ग आबादी और भारत सहित ग्लोबल साउथ के युवा कौशल के बीच संतुलन बनाने के लिए ग्लोबल स्किल्स पार्टनरशिप का सुझाव दिया। इसके तहत स्किल मैपिंग और प्रशिक्षित युवाओं की सुरक्षित वैश्विक आवाजाही को बढ़ावा देने की बात कही गई। संकट से जूझ रहे देशों की मदद पर जोर श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया के संकट से खाद्य, उर्वरक और ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सबसे ज्यादा असर विकासशील देशों पर पड़ रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से ऐसे तंत्र विकसित करने की अपील की, जो गरीब और विकासशील देशों को आर्थिक झटकों से उबरने में मदद करें। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में भी साझा आर्थिक मजबूती और स्थिर वैश्विक अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए दुनिया के देशों के साथ मिलकर काम करता रहेगा।



Comments
0