Full Story

नई दिल्ली। आम लोगों की रसोई पर महंगाई का दबाव और बढ़ गया है क्योंकि बीते एक सप्ताह में घरेलू थोक बाजार में चीनी 294 रुपये और सरसों तेल 162 रुपये प्रति क्विंटल महंगे हो गए हैं, जबकि चावल, गेहूं, आटा और अधिकांश दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई है। चीनी लगातार दूसरे सप्ताह भी महंगी उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सप्ताह के दौरान चीनी का औसत थोक भाव 294 रुपये बढ़कर 5911.15 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। इससे पहले वाले सप्ताह में भी चीनी की कीमत में 777 रुपये प्रति क्विंटल की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। सप्ताह के शुरुआती तीन दिनों में चीनी के दाम बढ़े जबकि अंतिम तीन दिनों में इसमें कुछ नरमी देखने को मिली। गुड़, चावल, गेहूं और आटा भी महंगे मीठे के बाजार में गुड़ भी महंगा हुआ। इसका औसत भाव 310 रुपये बढ़कर 5,993.73 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया।अनाज की बात करें तो चावल 31 रुपये बढ़कर 4,134.28 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। गेहूं 29 रुपये महंगा होकर 2,867.15 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया और आटा 15 रुपये चढ़कर 3,325.17 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। दालों में भी बढ़ी महंगाई बीते सप्ताह अधिकांश दालों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। उड़द दाल 44 रुपये बढ़कर 11,328.93 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। तुअर (अरहर) दाल 35 रुपये महंगी होकर 11,393.02 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गई। मूंग दाल 19 रुपये बढ़कर 10,224.38 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। चना दाल 17 रुपये चढ़कर 7,961.37 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। हालांकि मसूर दाल में राहत रही और इसकी कीमत 8 रुपये घटकर 8,166.94 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। सरसों तेल सबसे ज्यादा महंगा, बाकी खाद्य तेलों में भी तेजी खाद्य तेलों में भी कीमतों का दबाव बना रहा। सरसों तेल 162 रुपये बढ़कर 19,075.03 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। पाम ऑयल 104 रुपये महंगा होकर 14,134.35 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। सूरजमुखी तेल 78 रुपये बढ़कर 18,273.12 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। सोया तेल 66 रुपये चढ़कर 15,557.26 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वनस्पति 24 रुपये महंगी होकर 15,654.86 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। वहीं, मूंगफली तेल में मामूली राहत मिली और इसका भाव 9 रुपये घटकर 19,560.72 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। रसोई का बजट बढ़ने के आसार चीनी, खाद्य तेल, दाल, गेहूं और चावल जैसी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से आने वाले दिनों में आम लोगों की रसोई का बजट और प्रभावित हो सकता है। लगातार दूसरे सप्ताह चीनी की कीमतों में तेजी और खाद्य तेलों की महंगाई यह संकेत दे रही है कि उपभोक्ताओं पर महंगाई का दबाव अभी बना रह सकता है।