Full Story

मुंबई। अदाकारा शालिनी पांडे ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों से आवारा कुत्तों को कथित तौर पर हटाए जाने के मुद्दे पर खुलकर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से इस मुहिम में साथ आने, संबंधित याचिका का समर्थन करने और बेज़ुबान जानवरों के हक में अपनी आवाज उठाने की अपील की है। 'बरसों से यहीं रह रहे हैं ये बेज़ुबान' शालिनी ने अपनी पोस्ट में कहा कि सैकड़ों आवारा कुत्ते कई सालों से रेलवे स्टेशनों के आसपास इंसानों के साथ अमन और सुकून से रह रहे हैं। अब उन्हें वहां से हटाए जाने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे उनका ठिकाना छिन सकता है। उन्होंने इसे जानवरों के साथ नाइंसाफ़ी और बेदर्दी करार देते हुए लोगों से आगे आने की गुज़ारिश की। याचिका का समर्थन करने की अपील अपनी पोस्ट में शालिनी ने एक एनिमल वेलफेयर पहल से जुड़े संगठन को टैग किया और लोगों को याचिका तक पहुंचने का तरीका भी बताया। उन्होंने अपने चाहने वालों से कहा कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें, याचिका पर हस्ताक्षर करें और बेज़ुबान जानवरों की हिफाज़त के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करें। पशु कल्याण का संदेश पहुंचाने की कोशिश शालिनी पांडे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सिर्फ इस मुद्दे को सामने लाने के लिए नहीं, बल्कि पशु कल्याण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी किया। उनका कहना है कि शहरों में इंसानों और जानवरों के बीच हमदर्दी और जिम्मेदारी का रिश्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है। फैंस से भी मांगा साथ शालिनी की इस अपील का मकसद उन आवारा कुत्तों के लिए समर्थन जुटाना है, जो कथित तौर पर अपना बसेरा खोने के खतरे का सामना कर रहे हैं। इस पहल के ज़रिए उन्होंने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का ज़रिया नहीं, बल्कि समाज से जुड़े अहम मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का भी एक मज़बूत मंच बन सकता है।