Full Story

आरा/पटना। बिहार के भोजपुर जिले में एक चतुर्थवर्गीय सरकारी कर्मचारी की कथित काली कमाई ने सभी को हैरान कर दिया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय, गड़हनी में कार्यरत कार्यालय परिचारी शिवानंद कुमार सिंह के ठिकानों से ऐसी संपत्तियों का खुलासा हुआ है, जिसने आय से अधिक संपत्ति के मामले को सुर्खियों में ला दिया है। 34 संपत्तियां, करोड़ों की जमीन और थार गाड़ी ने उड़ाए होश निगरानी की छापेमारी में खुलासा हुआ कि आरोपी और उनकी पत्नी के नाम पर कुल 34 अचल संपत्तियां मिली हैं, जिनका मूल्य 1.11 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। इसके अलावा महिंद्रा थार और दो मोटरसाइकिलों समेत तीन वाहन भी मिले, जिनकी कुल कीमत करीब 17.24 लाख रुपये बताई गई है। बैंक खातों में जमा राशि अलग से मिली है। आय से 253.8 फीसदी अधिक संपत्ति का आरोप ब्यूरो के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शिवानंद कुमार सिंह के खिलाफ 1.06 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि उनकी संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 253.8 प्रतिशत अधिक है, जिसके आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। तीन जगहों पर एक साथ छापेमारी विशेष अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद निगरानी की तीन अलग-अलग टीमों ने 22 जुलाई को भोजपुर जिले में आरोपी के आवास, घर और कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर देर रात तक तलाशी ली। इस दौरान संपत्ति और निवेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए। तलाशी में क्या-क्या मिला छापेमारी के दौरान जांच टीम को संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। इनमें तीन भूमि एग्रीमेंट, 15 जमीन खरीद की डीड, 12 जमीन बिक्री की डीड, एक मॉर्गेज डीड, पांच बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और एक महिंद्रा थार के साथ दो मोटरसाइकिलों के रिकॉर्ड शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर अब संपत्ति के स्रोत और निवेश की गहन जांच की जा रही है। जांच अभी जारी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है और मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।