Full Story

मुंबई। राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों में प्रेम, परिवार और रिश्तों के साथ संगीत का पुराना नाता रहा है। ‘मैंने प्यार किया’ और ‘हम आपके हैं कौन..!’ से लेकर ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ तक अपनी मधुर धुनों से दर्शकों की यादों का हिस्सा बने राजश्री ने अब इसी संगीत परंपरा को अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ आगे बढ़ाया है। फिल्म का शीर्षक गीत जारी कर दिया गया है और इसके साथ संगीतकार हिमेश रेशमिया एक बार फिर सूरज आर. बड़जात्या की प्रेम कहानी की दुनिया में लौट आए हैं। श्रेया और निहाल की आवाज में ‘ये प्रेम मोल लिया’ ‘ये प्रेम मोल लिया’ के शीर्षक गीत को श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने अपनी आवाज दी है जबकि इसकी धुन हिमेश रेशमिया ने तैयार की है। यह गीत फिल्म की संगीत यात्रा की पहली झलक है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। श्रेया घोषाल की जानी-पहचानी मधुर आवाज जहां बड़जात्या की फिल्मी दुनिया से जुड़ती है, वहीं निहाल तौरो फिल्म की नई पीढ़ी की प्रेम कहानी को अपनी आवाज देते हैं। राजश्री के लिए संगीत सिर्फ गाना नहीं, भावनाओं की जुबान राजश्री की फिल्मों में संगीत हमेशा कहानी का अहम हिस्सा रहा है। इसकी धुनें फिल्मों तक सीमित रहने के बजाय त्योहारों और पारिवारिक समारोहों तक पहुंचती रही हैं। ‘मैंने प्यार किया’ और ‘हम आपके हैं कौन..!’ की यादगार धुनों से लेकर ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ तक संगीत ने राजश्री की भावनात्मक कहानियों को एक अलग पहचान दी है।अब ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए इसी विरासत को आगे ले जाने की तैयारी है। एक-दो नहीं, फिल्म के लिए हिमेश ने बनाए हैं सात गाने ‘ये प्रेम मोल लिया’ को हिमेश रेशमिया के पूरे संगीत से सजी फिल्म के रूप में तैयार किया जा रहा है। हिमेश ने फिल्म के लिए कुल सात गाने तैयार किए हैं। इस संगीत सफर की शुरुआत शीर्षक गीत से हुई है। फिल्म के संगीत में सूरज बड़जात्या की भावनाओं और मधुर धुनों पर जोर देने वाली शैली के साथ हिमेश की मौजूदा दौर की संगीत समझ को जोड़ने की कोशिश की गई है। पूरे संगीत संग्रह में इस बात पर जोर दिया गया है कि गाने सरल, दिल को छूने वाले और आम दर्शकों के बीच लोकप्रिय होने वाले हों, जैसा कि बड़जात्या की पिछली यादगार फिल्मों के गानों के साथ देखने को मिला है। ‘प्रेम रतन धन पायो’ के बाद फिर साथ सूरज और हिमेश सूरज आर. बड़जात्या और हिमेश रेशमिया की इस साझेदारी का पुराना इतिहास भी है। दोनों इससे पहले सुपरहिट फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ में साथ काम कर चुके हैं। अब दोनों एक बार फिर उस संगीत की दुनिया में साथ लौटे हैं, जहां प्रेम, परिवार और रिश्तों की भावनाओं को केवल संवादों से नहीं, बल्कि गानों के जरिए भी आगे बढ़ाया जाता है। यही राजश्री के सिनेमा की खास पहचान भी रही है और उसकी कई फिल्मों के गाने लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बने हैं। संगीत से सजी लॉन्च की महफिल, लाल पर्दा खुलते ही गूंजा टाइटल ट्रैक शीर्षक गीत को पेश करने के लिए तैयार किए गए कार्यक्रम को भी पूरी तरह संगीतमय रूप दिया गया है। 20 सितंबर की शाम की शुरुआत मेहमानों के आगमन के साथ हुई, जहां कलाकारों के एक दल ने लाइव संगीत पेश की। इसके बाद आवाज और बांसुरी के जरिए संगीत तथा ‘ये प्रेम मोल लिया’ की भावनाओं से दर्शकों को जोड़ा गया। कार्यक्रम में दर्शकों को राजश्री की संगीत विरासत और सूरज आर. बड़जात्या के सफर से भी रूबरू कराया गया। इसके बाद सूरज का परिचय हुआ और हिमेश मंच पर आए। लाल पर्दे खुलने के साथ पहली बार फिल्म का टाइटल ट्रैक बजाया गया और उसी समय इसे यूट्यूब पर भी जारी किया गया। सूरज-हिमेश ने सुनाए गीत और फिल्म निर्माण के किस्से गीत के बाद सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया ने इसके दृश्यों, संगीत, फिल्म निर्माण और समय के साथ फिल्मी गानों में आए बदलाव को लेकर बातचीत की। हिमेश ने दर्शकों के साथ इस गीत के पीछे छुपी भावनाओं को भी साझा किया। इसके बाद आयुष्मान खुराना और शरवरी ने मंच पर आकर गीत पर लाइव प्रस्तुति दी। गीत से जुड़े संगीतकारों को समर्पित एक खास सामूहिक संगीत प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा बनी। हिमेश ने सुनाया अब तक रिलीज नहीं हुआ गाना संगीत से सजी इस शाम में दर्शकों के लिए एक और खास सरप्राइज रखा गया था। हिमेश रेशमिया ने ऐसा गीत सुनाई, जिसे अभी तक जारी नहीं किया गया है। इसके बाद उन्होंने अकेले गिटार के साथ ‘तुम जीने की वजह’ गीत पेश की। फिर, आयुष्मान, शरवरी और सूरज के साथ मिलकर ‘ये प्रेम मोल लिया’ का एक खास सादगी भरा संगीत संस्करण प्रस्तुत किया। फूलों की बारिश के साथ इस संगीतमय शाम का समापन हुआ। आयुष्मान-शरवरी की जोड़ी, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। प्रेम, परिवार, रिश्तों और संगीत की राजश्री परंपरा को आगे बढ़ाने वाली ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके शीर्षक गीत के साथ फिल्म की संगीत यात्रा का आगाज हो चुका है और हिमेश रेशमिया के तैयार किए गए सात गानों में से पहली धुन अब दर्शकों के सामने है।