Full Story

रांची। हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी के गठन में एक बार फिर भोलानाथ सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि राज्य में हॉकी को मजबूत करने के लिए 20 जिलों को खेल किट वितरित करने समेत कई अहम फैसलों पर भी मुहर लगी। 13वीं आमसभा में बनी नई कार्यकारिणी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सभागार में आयोजित आमसभा की अध्यक्षता भोलानाथ सिंह ने की। चुनाव अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों के लिए केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। भारतीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल संघ में पदाधिकारी होने के कारण भोलानाथ सिंह को फिर से अध्यक्ष चुना गया। ये बने नए पदाधिकारी नई कार्यकारिणी में मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) महासचिव और असरिता लकड़ा कोषाध्यक्ष चुनी गईं। इसके अलावा अरविंद सिंह, अशोक भगत और चंद्रयाणी मजूमदार उपाध्यक्ष, सुरजीत कुमार झा और दुलारी टोपनो संयुक्त सचिव तथा जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता और पल्लवी कच्छप कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए। खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में जयंत केरकेट्टा और बिगन सोय , जबकि एथलीट समिति में तारिणी कुमारी और नरबोट कुजूर का चयन किया गया। 20 जिलों को मिले हॉकी किट आमसभा के दौरान राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 जिलों को प्रति जिला 65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट वितरित किए गए। इन किटों में हॉकी स्टिक और हॉकी बॉल शामिल हैं। हॉकी झारखंड ने बताया कि जिन चार जिलों को पहले ही किट दिए जा चुके थे, उन्हें छोड़कर बाकी जिलों को यह सहायता उपलब्ध कराई गई। 35 खिलाड़ियों ने किया भारत का प्रतिनिधित्व निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पारदर्शी चयन प्रक्रिया और सभी जिला इकाइयों के सहयोग से झारखंड हॉकी ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जबकि वर्तमान में 15 खिलाड़ी टीम इंडिया के विभिन्न स्तरों पर खेल रहे हैं और 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हैं। भोलानाथ सिंह बोले- विकास की रफ्तार रहेगी जारी लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने पर भोलानाथ सिंह ने सभी जिला इकाइयों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से झारखंड में हॉकी के विकास की गति आगे भी जारी रहेगी और राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इन मुद्दों पर लगी मुहर आमसभा में वर्ष 2025-26 के लेखा-जोखा, सचिवीय प्रतिवेदन, लेखा-परीक्षित आय-व्यय विवरण, आगामी वित्तीय वर्ष के लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन समेत आठ प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।