Full Story

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1100 करोड़ रुपये की पेंशन राशि भेजी और घोषणा की कि अब हर महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। श्री चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित डीबीटी कार्यक्रम में राज्य के 94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल के अवसर पर विशेष पहल मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि ऐसे अवसर पर भेजी गई है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में अपना सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने इसे गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई थी पेंशन श्री चौधरी ने कहा कि सरकार ने पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर सीधे 1100 रुपये प्रति माह की थी। राज्य सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। छूटे हुए बुजुर्ग तुरंत करें आवेदन मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे लोग, जिन्हें अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे जल्द से जल्द आवेदन करें ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। आधार लिंक नहीं होने पर रुक सकती है पेंशन श्री चौधरी ने उन लोगों को भी चेतावनी दी है जिनकी पेंशन आधार लिंक नहीं होने के कारण अटकी हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे लाभार्थी जल्द अपना आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक कराएं ताकि उन्हें पेंशन का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। गरीब और जरूरतमंदों की सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अलावा भी सरकार अलग-अलग लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार मौजूद रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी जुड़े रहे।