Full Story
मोकी (चीन)। पहले 15 मिनट तक गोल का इंतजार और फिर ऐसी आंधी कि चीनी ताइपे का डिफेंस संभल ही नहीं पाया, मौजूदा चैंपियन भारत ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के अपने आखिरी पूल-ए मुकाबले में बुधवार को चीनी ताइपे को 15-0 से करारी शिकस्त देकर बेहद शानदार अंदाज में सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया, जिसमें कप्तान अनमोल एक्का अकेले छह गोल दागकर जीत के सबसे बड़े सितारे बने। पहला क्वार्टर: भारत का हमला, चीनी ताइपे की मजबूत दीवार मैच शुरू हुआ तो तस्वीर बिल्कुल वैसी नहीं थी, जैसी अंतिम स्कोरलाइन देखकर लगती है। भारत के पास गेंद थी, मौके भी बन रहे थे, लेकिन चीनी ताइपे का डिफेंस मजबूती से डटा रहा। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम तमाम कोशिशों के बावजूद शुरुआती क्वार्टर में गोल नहीं कर सकी और पहले 15 मिनट 0-0 पर खत्म हुए लेकिन शायद यह तूफान से पहले की खामोशी थी। दो मिनट के ब्रेक में कोच की बात और फिर बदल गया पूरा मैच पहले और दूसरे क्वार्टर के बीच मिले दो मिनट के ब्रेक का भारतीय कोच फ्रेडरिक सोयेज ने पूरा इस्तेमाल किया। उन्होंने खिलाड़ियों से ज्यादा तेजी और आक्रामकता की मांग की। इसके बाद मैदान पर लौटी भारतीय टीम का अंदाज ही बदल चुका था। जिस चीनी ताइपे के डिफेंस को भारत पहले क्वार्टर में नहीं तोड़ पाया था, दूसरे क्वार्टर में उसी के खिलाफ एक के बाद एक गोल आने शुरू हो गए। 17वें मिनट में खुला खाता, पांच मिनट में तीन गोल भारत का इंतजार 17वें मिनट में खत्म हुआ, जब आर्यन जेस ने पहला गोल दागकर स्कोर 1-0 कर दिया। चीनी ताइपे अभी पहले झटके से उबर भी नहीं पाया था कि 18वें मिनट में प्रभदीप सिंह ने दूसरा गोल कर दिया। फिर 22वें मिनट में गुरसेवक सिंह ने गेंद को गोल में पहुंचाकर स्कोर 3-0 कर दिया यानी महज पांच मिनट के भीतर भारत ने तीन गोल दागकर मुकाबले की दिशा पूरी तरह अपनी ओर मोड़ दी। फिर शुरू हुआ कप्तान अनमोल एक्का का शो इसके बाद कप्तान अनमोल एक्का ने मोर्चा संभाला। 25वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और अनमोल ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। यह मैच में उनका पहला गोल था और भारत अब 4-0 से आगे था। 28वें मिनट में अर्जुन संतोष हरगुडे ने एक और गोल दागा और अगले ही मिनट यानी 29वें मिनट में अनमोल ने फिर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। दूसरा क्वार्टर खत्म हुआ तो स्कोरबोर्ड पर भारत की बढ़त 6-0 हो चुकी थी। पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं कर सकी टीम इंडिया ने दूसरे क्वार्टर के सिर्फ 15 मिनट में छह गोल ठोक दिए थे। तीसरे क्वार्टर में भी नहीं थमा भारतीय हमला हाफ टाइम के बाद भी चीनी ताइपे को राहत नहीं मिली। भारत ने ऊंचा दबाव बनाए रखा और लगातार विरोधी टीम के सर्कल में सेंध लगाता रहा। तीसरे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनट में ही भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिए। और सामने अनमोल एक्का हों तो मौका हाथ से कैसे जाता! कप्तान ने दोनों मौकों को गोल में बदल दिया। इसी दौरान उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की और फिर व्यक्तिगत गोलों की संख्या चार तक पहुंचा दी। अजीत यादव ने भी खोला खाता भारत के लगातार हमलों के बीच 35वें मिनट में अजीत यादव ने भी अपना नाम स्कोरशीट पर दर्ज करा लिया। एक शानदार भारतीय मूव को उन्होंने सधे हुए अंदाज में गोल तक पहुंचाया और चीनी ताइपे की मुश्किलें और बढ़ा दीं। 45वें मिनट में अनमोल का पांचवां, स्कोर हुआ 10-0 कप्तान का गोल करने का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 45वें मिनट में अनमोल एक्का को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और उन्होंने इसे भी गोल में तब्दील कर दिया। यह मुकाबले में उनका पांचवां गोल था। तीसरा क्वार्टर समाप्त होने तक भारत स्कोर को 10-0 तक पहुंचा चुका था। दस गोल की विशाल बढ़त के बावजूद भारत ने आखिरी क्वार्टर में रफ्तार कम नहीं की। 48वें मिनट में हरपाल ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 11-0 कर दिया। इसके बाद 51वें मिनट में अनमोल एक्का ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना छठा गोल पूरा किया। इस गोल के साथ कप्तान ने एक असाधारण व्यक्तिगत प्रदर्शन पर मुहर लगा दी- छह गोल और सभी छह पेनल्टी कॉर्नर से। हरपाल का दूसरा, आर्यन के नाम भी दो गोल भारतीय गोलों की बारिश इसके बाद भी जारी रही। हरपाल ने मुकाबले में अपना दूसरा गोल किया, जबकि आर्यन जेस ने भी एक और गोल जोड़कर अपने व्यक्तिगत गोलों की संख्या दो तक पहुंचा दी। आखिरकार अंतिम सीटी बजने पर स्कोरबोर्ड भारत के दबदबे की पूरी कहानी कह रहा था- भारत 15, चीनी ताइपे 0। अनमोल एक्का बने जीत के सुपरस्टार इस एकतरफा जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान अनमोल एक्का रहे। उन्होंने अकेले छह गोल किए और खास बात यह रही कि उनके सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। भारत ने इस मुकाबले में सिर्फ अपनी आक्रामक ताकत ही नहीं दिखाई, बल्कि पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की अपनी क्षमता का भी जोरदार प्रदर्शन किया। पूल-ए में भारत नंबर-1, चार मैचों में 10 अंक इस धमाकेदार जीत के साथ पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम ने तीन जीत और एक ड्रॉ से 10 अंक हासिल करते हुए पूल-ए में पहला स्थान पक्का किया। भारत ने इस तरह ग्रुप चरण का सफर बिना हार के पूरा करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। दक्षिण कोरिया भी सेमीफाइनल में, जापान को 3-2 से हराया पूल-ए से सेमीफाइनल का दूसरा टिकट दक्षिण कोरिया ने हासिल किया। दक्षिण कोरिया ने जापान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया और नौ अंकों के साथ पूल में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं जापान, इंडोनेशिया और चीनी ताइपे की खिताबी दौड़ समाप्त हो गई और अब ये टीमें वर्गीकरण मुकाबलों में खेलेंगी। 15 मिनट की खामोशी, फिर 45 मिनट का गोल धमाका भारत की 15-0 की जीत का सबसे दिलचस्प पहलू उसका अंदाज रहा। शुरुआती क्वार्टर में गोल का खाता तक नहीं खुला था, लेकिन अगले 45 मिनट में भारत ने पूरे 15 गोल दाग दिए। कप्तान अनमोल एक्का के छह गोल, दूसरे क्वार्टर में छह गोल की बरसात और तीसरे क्वार्टर के अंत तक 10-0 की बढ़त ने बता दिया कि लय पकड़ने के बाद भारतीय आक्रमण को रोकना चीनी ताइपे के लिए लगभग नामुमकिन हो गया था। अब मौजूदा चैंपियन भारत के सामने अगली चुनौती सेमीफाइनल की है और पूल चरण के आखिरी मुकाबले में मिली यह 15-0 की विशाल जीत टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।अ



Comments
0