Full Story
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रदेश की पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला और कहा, “आजादी के बाद से अब तक बंगाल किसी भी मुख्यमंत्री के कार्यकाल में इतना बुरा दौर नहीं देख पाया, जितना पिछले वर्षों में देखा है।” श्री अधिकारी ने शुक्रवार को यहां विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि उनका मकसद राजनीतिक हमला करना नहीं बल्कि पहली बार चुने गए विधायकों के सामने “तथ्य” रखना है। उन्होंने कहा, “मैं नकारात्मक बातें नहीं करना चाहता लेकिन मैं आपके सामने तथ्य रखना चाहता हूं। आजादी के बाद बंगाल की हालत किसी भी मुख्यमंत्री के दौर में इतनी खराब नहीं रही।” वाम शासन से लेकर पिछले 15 साल तक विधानसभा कमजोर हुई: अधिकारी मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वाम मोर्चा सरकार और उसके बाद के शासनकाल दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वाम मोर्चे के 34 साल के शासन में बड़े फैसले विधानसभा के भीतर नहीं, बल्कि पार्टी दफ्तरों से तय होते थे। उन्होंने कहा, “34 वर्षों तक सब कुछ पार्टी ऑफिस के निर्देश पर चलता रहा। विधानसभा से कुछ नहीं होता था।” उन्होंने यह भी कहा कि उसके बाद के 15 वर्षों में हालात और बिगड़े, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी की मौजूदगी में वह राजनीतिक कटाक्ष को ज्यादा आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उन्होंने कहा, “अब हम सब साथ चल रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि बंगाल को फिर से अपने पैरों पर खड़ा किया जाए।” “बंगाल का भविष्य इसी विधानसभा में तय हुआ था” सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के ऐतिहासिक महत्व को भी याद किया। उन्होंने 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि इसी सदन में वोटिंग के बाद यह तय हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उस समय विधानसभा में मजबूती से बंगाल का पक्ष रखा था। उन्होंने कहा, “बंगाल का भविष्य इसी विधानसभा में तय हुआ था। हमें उस इतिहास को स्वीकार करना चाहिए और उसकी विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए।” पहली बार चुने गए विधायकों को सीखने की नसीहत नए विधायकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम उनके लिए बेहद अहम है, क्योंकि विधायिका के कामकाज को समझना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा, “आपमें से कई पहली बार चुनकर आए हैं। आपको सीखना होगा, और ये दो दिन उसी सीख के लिए हैं।” “विपक्ष को पहले सम्मान नहीं मिलता था, मुझे पांच बार निलंबित किया गया” अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए श्री अधिकारी ने दावा किया कि पिछली सरकारों में विपक्षी विधायकों को सम्मान नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि वह 2006 से विधायक हैं और विपक्ष के नेता रहते हुए उन्हें पांच बार विधानसभा से निलंबित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया, “लगभग हर बजट सत्र और महत्वपूर्ण सत्र से पहले मुझे निलंबित किया गया। जिला अधिकारी और पुलिस अधिकारी भी विपक्ष के निर्वाचित प्रतिनिधियों को नजरअंदाज करते थे। सरकारी कार्यक्रमों में उन्हें बुलाया तक नहीं जाता था।” उन्होंने कहा कि चुनाव राजनीतिक लड़ाई हो सकती है, लेकिन शासन अलग चीज है और लोकतंत्र में विपक्ष की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। “अब हर दल के विधायक को बुलाया जाता है” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार पिछली सरकारों से अलग तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष सहित सभी दलों के विधायकों को प्रशासनिक बैठकों और बजट चर्चा में बुलाया जाता है। उन्होंने कहा, “मैं हर विधायक को बुलाता हूं, चाहे वह विपक्ष का ही क्यों न हो। हम सब मिलकर बंगाल बनाना चाहते हैं।” बंगाल के विकास का रोडमैप भी गिनाया श्री अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की रणनीतिक स्थिति, उद्योग, शिक्षा संस्थान, प्राकृतिक संसाधन और परिवहन नेटवर्क का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंगाल पूर्वोत्तर भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश का प्रवेश द्वार है और राज्य के पास विकास के लिए हर जरूरी संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमें लोकतंत्र को मजबूत करना है, संसदीय व्यवस्था को और सशक्त बनाना है और बंगाल को फिर से महान बनाना है।” लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित यह दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उद्घाटित किया। यह कार्यक्रम लोकसभा सचिवालय के अंतर्गत संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) और पश्चिम बंगाल विधानसभा की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य पहली बार चुने गए विधायकों को संसदीय प्रक्रियाओं, सदन की कार्यप्रणाली और विधायी जिम्मेदारियों से परिचित कराना है।



Comments
0