Full Story

मुंबई। शेयर बाजार में गुरुवार को दिन की शुरुआत शानदार रही लेकिन आखिरी घंटे की बिकवाली ने पूरा मूड बदल दिया। सेंसेक्स शुरुआती तेजी गंवाकर लगभग सपाट बंद हुआ जबकि निफ्टी मामूली गिरावट के साथ कारोबार खत्म करने में सफल रहा। आईटी और ऑटो शेयरों में खरीददारी ने बाजार को संभाले रखा लेकिन बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में बिकवाली का दबाव भारी पड़ गया। शुरुआत दमदार, अंत फीका बीएसई का सेंसेक्स 203 अंकों की बढ़त के साथ खुला और दोपहर तक हरे निशान में कारोबार करता रहा। लेकिन दोपहर बाद मुनाफावसूली बढ़ने से इसकी बढ़त खत्म हो गई और आखिर में यह सिर्फ 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 भी दिनभर बढ़त में रहने के बाद अंत में 5.75 अंक फिसलकर 24,072.75 पर बंद हुआ। आईटी और ऑटो ने बचाई लाज आज के कारोबार में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस, मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे आईटी और ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इनके अलावा इंडिगो, बजाज फाइनेंस, टाइटन और आईटीसी के शेयर भी मजबूती के साथ बंद हुए। इन शेयरों ने बढ़ाई टेंशन दूसरी ओर इटरनल का शेयर करीब 2.75 फीसदी टूट गया। बीईएल, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी गिरावट में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप भी दबाव में बड़े शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप-50 0.29 फीसदी और स्मॉलकैप-100 0.10 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। किन सेक्टरों में रही तेजी, कहां आई गिरावट? आज आईटी, ऑटो, एफएमसीजी, मीडिया, केमिकल और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। वहीं बैंकिंग, फाइनेंशियल, रियल्टी और मेटल सेक्टर के शेयरों में बिकवाली हावी रही। क्या समझें निवेशक बाजार ने एक बार फिर दिखाया कि फिलहाल निवेशक सतर्क हैं। अच्छी शुरुआत के बावजूद मुनाफावसूली का दबाव बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर बाजार की नजर रहेगी।