Full Story
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में जमीन के लालच ने रिश्तों को इस कदर शर्मसार कर दिया कि एक बेटे ने अपनी ही मां की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद बड़े भाई को फंसाकर पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची लेकिन वैज्ञानिक जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने कुछ ही घंटों में पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। रात में सो रही मां पर किया जानलेवा हमला यह सनसनीखेज घटना पूर्वी चंपारण के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सरैया बदुरहा गांव की है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 65 वर्षीय पार्वती देवी रविवार रात अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात करीब एक बजे उनके छोटे बेटे धर्मदेव महतो ने धारदार गड़ासे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद बड़े भाई को बनाया आरोपी मां की हत्या करने के बाद धर्मदेव महतो ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई। उसने दावा किया कि जमीन विवाद के कारण उसके बड़े भाई कमलदेव महतो ने मां की हत्या की है। दूसरी ओर, कमलदेव की पत्नी सुनपति देवी ने धर्मदेव महतो, उसके चाचा सुंदरजीत महतो और चचेरे भाई राकेश कुमार पर हत्या की आशंका जताई। वैज्ञानिक जांच ने खोली पूरी साजिश मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पूछताछ और जांच के दौरान मिले सबूतों ने जल्द ही हत्या की पूरी कहानी सामने ला दी। पूछताछ में टूट गया आरोपी, कबूल किया जुर्म पुलिस की सख्त पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने धर्मदेव महतो ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि बड़े भाई द्वारा मां के हिस्से की जमीन अपने नाम कराने की कोशिश से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने पहले से योजना बनाकर मां की हत्या की और बड़े भाई को फंसाने की साजिश रच डाली। गड्ढे में छुपाया था खून से सना गड़ासा आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने खून से सना गड़ासा घर के पास एक गड्ढे में फेंक दिया था। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



Comments
0