Full Story

मुंबई। बॉलीवुड की आने वाली फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने ताकत और लीडरशिप के असली मायने बयान करते हुए कहा है कि सच्ची ताकत सिर्फ इख्तियार हासिल करने में नहीं बल्कि उस सच को सुनने और कबूल करने के हौसले में होती है, जिससे अक्सर लोग आंखें चुराना पसंद करते हैं। मनोज बाजपेयी की आने वाली फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म भारत के इतिहास के एक ऐसे अहम दौर को बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जब मुल्क गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था। फिल्म में मनोज एक मजबूत इरादों वाले गवर्नर के किरदार में नजर आएंगे, जिनके कंधों पर देश को मुश्किल हालात से बाहर निकालने की बड़ी जिम्मेदारी है। उनका किरदार उन सख्त फैसलों और दूरअंदेशी लीडरशिप की झलक दिखाता है, जिसने देश के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। मनोज बाजपेयी ने बताया ताकत का असली मतलब फिल्म के प्रमोशन के दौरान मनोज बाजपेयी ने ‘पावर’ यानी ताकत के असली मायने पर अपनी राय रखी। उनका कहना है कि असली ताकत सिर्फ फैसले लेने में नहीं बल्कि उस सच को सुनने की हिम्मत रखने में है जिसे ज्यादातर लोग सुनना पसंद नहीं करते। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर मनोज बाजपेयी का एक खास वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह नेतृत्व और ताकत को लेकर अपने विचार साझा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ यह ऐलान भी किया गया कि ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मजबूत टीम ने तैयार की है फिल्म ‘गवर्नर’ का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसके निर्माता विपुल अमृतलाल शाह और सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। गीत मशहूर शायर जावेद अख्तर ने लिखे हैं जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। 12 जून को होगा बड़ा पर्दे पर फैसला देश के आर्थिक इतिहास के एक अहम अध्याय को पर्दे पर उतारती यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, जिम्मेदारी और कठिन फैसलों की कहानी भी पेश करेगी। अब दर्शकों की निगाहें 12 जून पर टिकी हैं, जब ‘गवर्नर’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी।