Full Story
बेगूसराय। बिहार में पटना से विशेष प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा लौट रहे तीन थाना प्रभारी और उनके ड्राइवर की गुरुवार देर रात बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और ड्राइवर ज्योतिष कुमार पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक ही कार से वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया। श्री नीरज कुमार, श्री ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और ड्राइवर ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बेूगसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार, सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) आनंद पांडेय और बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। कार में शव बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। एसपी श्री कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह नजर आ रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Comments
0