Full Story

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को नाश्ते की एक दुकान पर बैठे युवक की मोटरसाइकिल सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित एक नाश्ते की दुकान पर 32 वर्षीय मिथिलेश कुमार मंडल रविवार दोपहर बैठा हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बनैलीपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-3 का निवासी बताया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिथिलेश कुमार मंडल का गांव के ही अर्जुन मंडल के साथ लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी अर्जुन मंडल की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।