Full Story

पटना। बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया, जहां 3.79 लाख से अधिक मतदाता भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर समेत 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए 422 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से बूथों पर लगी कतारें मतदान शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर मतदाता पहुंचने लगे थे। सुबह सात बजे वोटिंग शुरू होते ही कई बूथों पर लंबी कतारें दिखाई दीं। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और किसी भी समस्या की स्थिति में चुनाव अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है। 3.79 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट राज्य निर्वाचन कार्यालय सूत्रों ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता हैं। इनमें 2,00,060 पुरुष , 1,79,533 महिलाएं और 23 तीसरे जेंडर के मतदाता शामिल हैं। ये सभी मतदाता 422 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुनाव मैदान में उतरे 25 प्रत्याशियों में से एक को चुनेंगे। 2025 के मुकाबले धीमी रही वोटिंग, दोपहर तीन बजे तक करीब 10% कम मतदान बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में इस बार मतदान की रफ्तार पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले धीमी रही। सुबह 9 बजे तक केवल 4.61% मतदान दर्ज हुआ, जबकि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में इसी समय तक 7.12% वोट पड़ चुके थे। इसी तरह सुबह 11 बजे तक मतदान 11.50% रहा, जो पिछले चुनाव के 18.45% से काफी कम है। दोपहर 1 बजे तक 20.01% मतदान हुआ जबकि 2025 में यह आंकड़ा 31.05% था। वहीं, दोपहर 3 बजे तक कुल 27.90% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव में इसी समय हुए 37.02% मतदान की तुलना में करीब 10 प्रतिशत कम है। आनंदपुरी में जनसुराज-भाजपा समर्थकों के बीच नोकझोंक, प्रशांत किशोर ने कराया शांत मतदान के दौरान पटना के आनंदपुरी इलाके में जनसुराज और भाजपा समर्थकों के बीच कहासुनी और नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। प्रशांत किशोर का आरोप- पुलिस कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को कर रही परेशान प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को परेशान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है और जनसुराज द्वारा लगाए गए हेल्प डेस्क भी हटाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हर बूथ पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग पटना जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि सभी 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है। इससे मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। प्रशासन का दावा है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 14 कंपनियां केंद्रीय बल और 1,266 नगर निगम कर्मी तैनात चुनाव की सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। सभी 422 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद हैं। इनके अलावा नगर निगम के कुल 1,266 कर्मचारियों को भी मतदान केंद्रों पर लगाया गया है। फ्लाइंग स्क्वॉड और निगरानी टीम सक्रिय चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए हैं। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। मतदाता किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। नाकेबंदी से लेकर नदी गश्ती तक सख्त पहरा उपचुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 16 जोनल दंडाधिकारी और आठ सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। वाहन जांच चौकियां, सीमा सील, नाकेबंदी, नदी गश्ती, अश्वरोही गश्ती और प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाकर सघन जांच की जा रही है। सभी 42 सेक्टर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को मतदान के दौरान लगातार क्षेत्र में घूमकर हर गतिविधि पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। क्यों खाली हुई बांकीपुर सीट बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने और विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है, इसलिए इस उपचुनाव को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच मुख्य मुकाबला उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने नीरज सिन्हा , राजद ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। तीन अगस्त को मतगणना बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त तक समाप्त कर ली जाएगी। आज के मतदान के बाद सबकी नजर इस बात पर होगी कि मतदाता भाजपा के पुराने गढ़ को बरकरार रखते हैं या किसी नए राजनीतिक विकल्प को मौका देते हैं।