Full Story

पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के साम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष और पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार को आज 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के बाद बिछाया गया ट्रैप ब्यूरो ने सोमवार को बताया कि प्रह्लादपुर निवासी मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साम्यागढ़ थाने के थानाध्यक्ष क्षेत्र में जेसीबी चलवाने के एवज में नियमित रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने इसकी जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। थाना परिसर से ही दबोचा गया आरोपी निगरानी की टीम ने सोमवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की और थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए थाना परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी का एक्शन जारी ब्यूरो ने बताया कि वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 85वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 79 ट्रैप केस शामिल हैं, जिनमें अब तक 79 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में अब तक 29.14 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत राशि बरामद की गई है।