Full Story

नई दिल्ली। नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर सहयोग, संवाद और साझेदारी ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत है, और नीति आयोग इस दिशा में एक अहम मंच की भूमिका निभा रहा है। श्री मोदी ने गुरुवार को यहां नीति आयोग की संचालन परिषद की 11वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी हासिल होगा जब केंद्र और राज्य मिलकर एक टीम की तरह काम करें। उन्होंने नीति आयोग को ऐसा महत्वपूर्ण मंच बताया, जो राज्यों को एक-दूसरे से सीखने, सहयोग बढ़ाने और विकास के साझा विजन पर आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है लेकिन भारत आत्मविश्वास के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। दुनिया में अनिश्चितता, लेकिन भारत की विकास यात्रा जारी प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत लगातार आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में देश के सभी राज्यों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे मिलकर विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग और विचारों का आदान-प्रदान भी उतना ही जरूरी है। राज्यों के बीच बढ़े संवाद और साझेदारी श्री मोदी ने कहा कि नीति आयोग केवल नीतियां बनाने का मंच नहीं है, बल्कि यह केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग को मजबूत करने का माध्यम भी है। राज्यों को एक-दूसरे के सफल मॉडल अपनाने और अनुभव साझा करने चाहिए ताकि विकास की गति और तेज हो सके। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से खुलेंगे नए अवसर प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, जिससे निर्यात और कारोबार के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समझौतों का सबसे बड़ा फायदा देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को मिलेगा। अगर ये उद्योग अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को अपनाएं तो वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं। विकसित भारत की ताकत बनेंगी महिलाएं श्री मोदी ने बैठक में महिला नेतृत्व वाले विकास को विकसित भारत का अहम आधार बताया। उन्होंने कहा कि खेती, स्टार्टअप, विज्ञान, तकनीक और नवाचार जैसे क्षेत्रों में महिलाएं शानदार योगदान दे रही हैं। उन्हों राज्यों से अपील की कि वे महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दें ताकि देश की आधी आबादी की पूरी क्षमता का उपयोग विकास के लिए किया जा सके। 'टीम इंडिया' की भावना से बनेगा विकसित भारत प्रधानमंत्री का संदेश साफ था कि विकसित भारत का सपना केवल केंद्र सरकार का नहीं बल्कि पूरे देश का साझा लक्ष्य है। इसके लिए राज्यों, उद्योगों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। सहयोग, नवाचार और समावेशी विकास ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।