Full Story

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और शुक्रवार को चौतरफा लिवाली के बीच बीएसई सेंसेक्स 827.57 अंक उछलकर 77,569.39 पर तथा निफ्टी 244.10 अंक चढ़कर 24,206.90 पर बंद हुआ, जबकि आईटी, बैंकिंग, वित्त, रियल्टी, धातु और तेल-गैस शेयरों में मजबूत खरीदारी देखी गई। बाजार में चौतरफा खरीददारी, निवेशकों का भरोसा मजबूत शुक्रवार के कारोबार में निवेशकों का मूड पूरी तरह पॉजिटिव नजर आया। सिर्फ बड़ी कंपनियों के शेयर ही नहीं, बल्कि मझौली और छोटी कंपनियों में भी अच्छी खरीदारी हुई। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.20 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इससे साफ है कि बाजार में तेजी सिर्फ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे बाजार में इसका असर दिखा। आईटी से बैंकिंग तक चमके ज्यादातर सेक्टर एफएमसीजी को छोड़ बाकी सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। आज के कारोबार में एफएमसीजी सेक्टर को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों में मजबूती रही। सबसे ज्यादा तेजी आईटी, बैंकिंग, फाइनेंस, रियल्टी, मेटल, ऑयल एंड गैस, केमिकल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में देखने को मिली। इसका मतलब साफ है कि बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी सिर्फ एक-दो सेक्टर तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई सेक्टरों में एक साथ खरीददारी हुई। रिलायंस, बीईएल और टेक महिंद्रा ने भरी उड़ान सेंसेक्स की कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में 1 से 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी ही। सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल और टेक महिंद्रा के शेयर दो प्रतिशत से अधिक चढ़े और बाजार की तेजी को आगे बढ़ाया। इनके अलावा एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इंडिगो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और टीसीएस के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच मजबूत हुए। मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, टाइटन और एनटीपीसी में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। इन शेयरों में रही कमजोरी तेज बाजार के बीच कुछ शेयरों में दबाव भी देखने को मिला। इटरनल, भारती एयरटेल और सन फार्मा के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। हालांकि इनकी गिरावट बाजार की कुल तेजी पर भारी नहीं पड़ी। लगातार दूसरे दिन तेजी, क्या लौट रहा है बाजार का कॉन्फिडेंस शुक्रवार की मजबूती ने यह संकेत दिया है कि बाजार में फिलहाल बायर्स का दबदबा बना हुआ है। लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूत बढ़त यह दिखाती है कि निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत हो रहा है। खास बात यह रही कि सिर्फ लार्जकैप ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी भागीदारी रही, जो बाजार की चौड़ी मजबूती का संकेत है। एक नजर में बाजार का हाल सेंसेक्स: 77,569.39 बढ़त: 827.57 अंक निफ्टी: 24,206.90 बढ़त: 244.10 अंक मिडकैप-50: 1.20% ऊपर स्मॉलकैप-100: 1.55% ऊपर