Full Story

पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भोजपुर जिले के गड़हनी अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दाखिल-खारिज के नाम पर मांगी थी घूस मामला जमीन के दाखिल-खारिज से जुड़ा है। शिकायतकर्ता रामदेव राम ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार जमीन का दाखिल-खारिज कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने का आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। अंचल कार्यालय परिसर से हुई गिरफ्तारी धावा दल ने 23 जून 2026 को गड़हनी अंचल कार्यालय परिसर में कार्रवाई करते हुए जितेंद्र कुमार को 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे निगरानी की विशेष अदालत, पटना में पेश किया जाना है। 2026 में निगरानी की 74वीं एफआईआर निगरानी ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 74वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें ट्रैप से जुड़े मामलों की संख्या 69 पहुंच गई है और अब तक 69 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक रिश्वत की कुल बरामद राशि 27,05,300 रुपये हो चुकी है। वहीं पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप केस दर्ज किए गए थे और 37,80,300 रुपये रिश्वत राशि बरामद की गई थी।