Full Story
मधुबनी। बिहार में मधुबनी जिले के डाहर गांव में सड़क हादसे में युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों का गुस्सा आज उस समय फूट पड़ा, जब शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले में शामिल एक वाहन को उग्र लोगों ने निशाना बनाकर उसके शीशे तोड़ दिए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि जिले के खजौली थाना क्षेत्र के डाहर गांव में कुछ दिन पहले हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी। रविवार को मंत्री अरुण शंकर प्रसाद शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करने गांव पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि मंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप था कि दुर्घटना में शामिल वाहन का संबंध कथित रूप से शराब तस्करी से था। साथ ही उन्होंने मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच पर भी सवाल उठाए। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ उग्र लोगों ने मंत्री के काफिले में शामिल एक वाहन को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मंत्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा हालात को नियंत्रित किया। किसी बड़ी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस बीच पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि सड़क हादसे और उसके बाद हुए विरोध-प्रदर्शन दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।



Comments
0