Full Story

नई दिल्ली: पहले नीतीश कुमार रेड्डी ने गेंद से अफगानिस्तान की कमर तोड़ी, फिर संजू सैमसन ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि मुकाबला एकतरफा हो गया। भारत ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मैच में अफगानिस्तान को 31 गेंद शेष रहते सात विकेट से रौंद दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। 159 रन पर थमा अफगानिस्तान, भारत ने 14.5 ओवर में किया खेल खत्म टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरे भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 159 रन तक सीमित कर दिया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज कर ली।पहले मैच की विफलता को पीछे छोड़ते हुए संजू सैमसन ने महज 22 गेंदों में 57 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके बल्ले से सात चौके और चार छक्के निकले। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में अपना सबसे तेज टी20 अर्धशतक पूरा किया। सैमसन-अभिषेक की जोड़ी ने 6.2 ओवर में जोड़ दिए 88 रन सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर अफगान गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैच शुरुआत में ही भारत की मुट्ठी में आ गया। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 6.2 ओवर में 88 रन की विस्फोटक साझेदारी की। सैमसन का सबसे खतरनाक अंदाज छठे ओवर में दिखाई दिया। उन्होंने मोहम्मद नबी की गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके उड़ाते हुए ओवर से कुल 27 रन बटोर लिए। अगले ओवर में उन्होंने राशिद खान को भी चौका और छक्का लगाया, लेकिन राशिद ने आखिरकार उन्हें आउट कर तूफानी पारी पर विराम लगाया। राशिद ने झटके तीन विकेट, लेकिन नहीं रोक सके भारत की रफ्तार सैमसन को आउट करने के बाद राशिद खान ने इसी ओवर में अभिषेक शर्मा का भी विकेट लिया। अभिषेक ने 19 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 39 रन बनाए। राशिद ने 11वें ओवर में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को अपना तीसरा शिकार बनाया। अय्यर ने एक छक्के की मदद से 11 रन बनाए। तीन विकेट गिरने के बाद भी भारत की रफ्तार कम नहीं हुई। इशान किशन ने 14वें ओवर में मुजीब की गेंदों पर लगातार दो चौके और एक छक्का जड़कर जीत की औपचारिकता लगभग पूरी कर दी। किशन ने 23 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 38 रन बनाए। तिलक वर्मा 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। बुमराह के मेडन ओवर से अफगानिस्तान पर बना दबाव इससे पहले अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहला ही ओवर मेडन फेंककर दबाव बना दिया। अगले ओवर में अर्शदीप सिंह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। गुरबाज इस सीरीज में लगातार दूसरी बार शून्य पर आउट हुए। शुरुआती दो ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर सिर्फ दो रन था। शुरुआती झटके के बाद अफगानिस्तान ने अगले चार ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी की और पावरप्ले समाप्त होने तक एक विकेट पर 41 रन बना लिए। इब्राहिम जदरान और सेदिकुल्ला अटल ने पारी संभालने की कोशिश की। पहली ही गेंद पर नीतीश ने तोड़ी 51 रन की साझेदारी नीतीश कुमार रेड्डी ने अपनी पहली ही गेंद पर इब्राहिम जदरान को आउट कर 51 रन की साझेदारी तोड़ दी। अफगान कप्तान जदरान ने टीम की ओर से सर्वाधिक 37 रन बनाए। इसके तुरंत बाद रवि बिश्नोई ने सेदिकुल्ला अटल को पवेलियन भेज दिया। दस ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 67 रन था। नीतीश ने अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर गुलबदीन नायब को आउट कर दिया। अफगानिस्तान ने आठवें से दसवें ओवर के बीच तीन विकेट गंवाए और उसकी पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई। लगातार अंतराल पर गिरते विकेट और खराब शॉट चयन के कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। नबी-राशिद की साझेदारी ने पहुंचाया 159 तक 11वें ओवर में रवि बिश्नोई ने लॉन्ग ऑफ पर एक मुश्किल कैच छोड़ दिया, जिससे भारत लगातार चौथा विकेट हासिल करने से चूक गया। इसके बाद मोहम्मद नबी और राशिद खान ने 28 गेंदों में 48 रन की तेज साझेदारी कर अफगानिस्तान को संभाला। आखिरी पांच ओवरों में टीम ने 59 रन जोड़े। नीतीश कुमार रेड्डी ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। हालांकि, अंतिम गेंद पर लगे छक्के की मदद से अफगानिस्तान आठ विकेट पर 159 रन तक पहुंच गया। नीतीश ने 24 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने 35 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पहले मैच वाली गलतियां फिर पड़ीं भारी अफगानिस्तान ने पहले मुकाबले के मुकाबले केवल तीन रन अधिक बनाए। अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद लगातार विकेट गंवाने और खराब शॉट खेलने की पुरानी गलतियां टीम पर फिर भारी पड़ीं। दूसरी ओर, भारत ने गेंद और बल्ले दोनों से दबदबा बनाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।