Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के एक घर में कभी भाइयों के बीच रिश्तों की गर्माहट रही होगी, उसी घर के आंगन में शनिवार की देर रात खून बह गया। पैतृक जमीन के विवाद और शराब पीने से रोकने की बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई की जान चली गई। आरोप है कि अजीत प्रसाद ने अपने ही सहोदर भाई 28 वर्षीय अनुराग प्रसाद की धारदार चाकू से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। खूनी वारदात की खबर जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के जानपुल चौक स्थित तेलिया पट्टी में फैली, कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग, खून के रिश्ते को छोटे से पारिवारिक विवाद में हिंसक एवं कलंकित होता देख हैरत में थें। जमीन का विवाद और शराब से रोकना बना तनाव की वजह पुलिस के अनुसार, काली प्रसाद के पुत्र अनुराग प्रसाद और उसके भाई अजीत प्रसाद के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक अनुराग अपने भाई अजीत के शराब पीने का विरोध करता था और उसे शराब छोड़ने की सलाह देता था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव बना रहता था।शनिवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान अजीत ने धारदार चाकू से अनुराग की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराग की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ ही घंटों में आरोपी भाई गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और इलाके की घेराबंदी की। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी अजीत प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हत्या की परिस्थितियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तीन भाइयों में अब सिर्फ दो थे... एक की पहले ही हो चुकी थी मौत सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)-1 दिलीप कुमार ने बताया कि तीन भाइयों में एक की पहले ही मौत हो चुकी है। बचे दोनों भाइयों के बीच जमीन और पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव था। प्रारंभिक जांच में आपसी कलह और जमीन विवाद हत्या की वजह के रूप में सामने आया है। नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। मामले की गहराई से जांच जारी है। एक ही घर से उठी चीख, रिश्ते पर लगा खून का दाग यह वारदात सिर्फ एक युवक की मौत की कहानी नहीं है, बल्कि उस रिश्ते के टूटने की भी दर्दनाक तस्वीर है जिसे दुनिया सबसे मजबूत रिश्तों में गिनती है। जिस भाई के साथ बचपन बीता, जिसके साथ परिवार की खुशियां और मुश्किलें साझा हुईं, वही भाई कथित तौर पर उसकी मौत का कारण बन गया। पैतृक संपत्ति और पारिवारिक कलह का विवाद आखिरकार ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसने एक परिवार से उसका बेटा और भाई छीन लिया। जानपुल चौक की रात अब उस खामोश सवाल के साथ गुजर रही है कि जब रिश्तों में संवाद की जगह गुस्सा और विवाद ले लेता है, तो एक छोटी-सी बात किस तरह जिंदगी भर का मातम बन जाती है।



Comments
0