Full Story
पटना। जहानाबाद में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई फायरिंग को लेकर आज बिहार विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण महज पांच मिनट के अंदर ही सभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को शुरू होते ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक आलोक मेहता ने सरकार पर छात्रों पर गोली चलाने का आरोप लगाया, जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि विधायक सदन के बीच में पहुंच गए और महज पांच मिनट के भीतर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। राजद का आरोप- छात्रों पर चलाई गई गोली राजद विधायक श्री मेहता ने कहा कि जहानाबाद में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान गोली चलाई गई, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने सरकार पर छात्र विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और घटना पर जवाब मांगा। भाजपा का पलटवार- छात्र नहीं, गुंडे थे राजद के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों पर जानलेवा हमला करने वाले छात्र नहीं हो सकते। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को गुंडागर्दी बताते हुए इसकी निंदा करने और सदन में निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। वेल में पहुंचे विधायक, पांच मिनट में स्थगित हुई कार्यवाही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद हंगामा बढ़ता गया। विधायक सदन के बीच में आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई। सभाध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों से अपनी-अपनी सीट पर लौट जाने का आग्रह किया लेकिन वे नहीं माने। शोर-शराबे के बीच सभाध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। विधानसभा के बाहर भी हाई अलर्ट छात्रों के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए विधानसभा परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी के झंडे हटाकर विधानसभा पहुंचे। तेजस्वी की गैरमौजूदगी पर मंत्री का तंज इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के लगातार पांचवें दिन भी विधानसभा नहीं पहुंचने पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने तंज कसते हुए कहा, "अगली बार जनता उन्हें नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बनाएगी।" आज होगा सत्र का समापन मानसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के अलावा बिहार अभियंत्रण सेवा वर्ग-2 भर्ती संशोधन नियमावली, 2026 और बिहार तकनीकी सेवा संशोधन नियमावली, 2026 सदन के पटल पर रखी जाएंगी। गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी।



Comments
0