Full Story

दांबुला। प्रभसिमरन सिंह (86), ऋतुराज गायकवाड़ (66) और कप्तान तिलक वर्मा (66) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने अफगानिस्तान ए के सामने 350 रन का बड़ा लक्ष्य रखा लेकिन बारिश के कारण मैच बीच में रुक गया और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम लागू होने पर अफगानिस्तान ए को चार रन से विजेता घोषित कर दिया गया। भारत ए के बल्लेबाजों ने जमकर बरसाए रन टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए को प्रभसिमरन सिंह और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। वैभव ने सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, जिसमें नौ चौके शामिल थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। प्रभसिमरन सिंह शतक के करीब पहुंच गए थे लेकिन 86 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 69 गेंदों में 14 चौके लगाए। ऋतुराज ने भी जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों पर 66 रन बनाए। कप्तान तिलक वर्मा ने भी 73 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेली। सूर्यांश शेडगे ने 40 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारत ए ने 49 ओवर में नौ विकेट पर 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अहमदजई ने झटके पांच विकेट अफगानिस्तान ए की ओर से अब्दुल्लाह अहमदजई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पांच विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार पर लगाम लगाई। फरमानउल्लाह साफी ने तीन विकेट लिए जबकि इमरान को एक सफलता मिली। बारिश से पहले मजबूत स्थिति में था अफगानिस्तान भारत के 350 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ए ने आक्रामक शुरुआत की। टीम ने 25.5 ओवर में दो विकेट खोकर 177 रन बना लिए थे। कप्तान इमरान 75 रन और बाहिर शाह 51 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान को जीत की दौड़ में बनाए रखा। बारिश ने बदला मैच का नतीजा अफगानिस्तान की पारी के दौरान बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण खेल रोकना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद भी मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। मैच रुकने के समय अफगानिस्तान ए डीएलएस पार स्कोर से तीन रन आगे थी। ऐसे में डीएलएस नियम के तहत अफगानिस्तान ए को चार रन से विजेता घोषित कर दिया गया। इमरान बने प्लेयर ऑफ द मैच अफगानिस्तान ए के कप्तान इमरान ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।