Full Story

मुंबई। ‘चंदू चैंपियन’ में मुरलीकांत पेटकर की प्रेरणादायक जिंदगी को पर्दे पर उतारने वाले कार्तिक आर्यन को पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलने पर खुद पेटकर ने इसे बेहद गर्व का क्षण बताते हुए उनकी मेहनत की तारीफ की वहीं फिल्म के निर्देशक कबीर खान ने अपने ‘चैंपियन’ को खास अंदाज में बधाई देते हुए कहा, “हमेशा शेर की चाल चलना मेरे चैंपियन...।” पेटकर बोले- बेहद गर्व का क्षण मुरलीकांत पेटकर ने इंस्टाग्राम पर कार्तिक आर्यन को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “‘चंदू चैंपियन’ के लिए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिलने पर कार्तिक आर्यन को हार्दिक बधाई। यह बहुत गर्व की बात है और मैं उनकी इस उपलब्धि से बेहद खुश हूं।” उन्होंने कार्तिक की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अभिनेता ने इस किरदार के लिए जिस तरह मेहनत की और उसे पर्दे पर निभाया, वह काबिल-ए-तारीफ है। कबीर खान बोले- हमेशा शेर की चाल चलना कार्तिक आर्यन की इस उपलब्धि पर ‘चंदू चैंपियन’ के निर्देशक कबीर खान ने भी इंस्टाग्राम पर बेहद आत्मीय अंदाज में खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “हमेशा शेर की चाल चलना मेरे चैंपियन... तुम्हारी उस खास हंसी के साथ... ❤️” कबीर खान का यह छोटा सा संदेश कार्तिक के साथ उनके जुड़ाव और ‘चंदू चैंपियन’ के सफर की झलक पेश करता है। कबीर की ‘ईमानदारी और संवेदनशीलता’ को सराहा मुरलीकांत पेटकर ने निर्देशक कबीर खान और निर्माता साजिद नाडियाडवाला की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कबीर खान ने उनकी कहानी को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर पेश किया, जबकि पूरी टीम ने फिल्म को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पेटकर के मुताबिक, ‘चंदू चैंपियन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि जुनून, मेहनत और कभी हार न मानने की भावना की कहानी है। उनका मानना है कि यह फिल्म दिखाती है कि सही सोच और समर्पण के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। किरदार बनने के लिए कार्तिक ने बहाया पसीना फिल्म में मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए कार्तिक आर्यन ने काफी मेहनत की थी। उन्होंने अपने लुक और फिटनेस पर खास काम करने के साथ तैराकी और बॉक्सिंग की ट्रेनिंग भी ली, ताकि पेटकर के किरदार को पर्दे पर पूरी सच्चाई के साथ उतार सकें।