Full Story

मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द वन' का टीजर रिलीज हो गया है। रहस्य, रोमांच और भारतीय फोकलोर से भरपूर यह टीजर दर्शकों को एक ऐसी अनदेखी दुनिया की झलक दिखाता है, जहां हर कदम पर नया रहस्य छुपा है। पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आ रही सिद्धार्थ और तमन्ना की जोड़ी भी टीजर का बड़ा आकर्षण बन गई है। 'सूर्यास्त के बाद वन में प्रवेश वर्जित है' टीज़र की शुरुआत ही एक रहस्यमयी चेतावनी से होती है— "सूर्यास्त के बाद, वन में प्रवेश करना वर्जित है।" यहीं से दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ जाती है। फिल्म की कहानी एक ऐसे रहस्यमयी जंगल के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है, जहां प्राचीन मान्यताओं, अलौकिक शक्तियों और अनसुलझे रहस्यों का राज है। फोकलोर और फैंटेसी की नई दुनिया 'द वन' भारतीय फोकलोर और फैंटेसी को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश करती नजर आ रही है। टीज़र में शानदार विजुअल्स, रहस्यमयी माहौल और बड़े पैमाने पर तैयार की गई सिनेमाई दुनिया साफ दिखाई देती है। हर फ्रेम दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जो रहस्य, रोमांच और कल्पना का अनोखा मेल है। सिद्धार्थ-तमन्ना की फ्रेश जोड़ी बनी आकर्षण का केंद्र फिल्म में पहली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया साथ नजर आ रहे हैं। टीज़र में दोनों के किरदारों के बीच एक खास भावनात्मक जुड़ाव दिखाई देता है, लेकिन साथ ही कई सवाल भी खड़े होते हैं। आखिर दोनों का रिश्ता क्या है? वे इस रहस्यमयी जंगल में क्यों पहुंचे हैं? और उनका सामना किससे होने वाला है? इन सवालों के जवाब फिलहाल टीज़र में नहीं मिलते। संगीत और विजुअल्स ने बढ़ाया रोमांच टीज़र का बैकग्राउंड स्कोर और साउंड डिजाइन इसकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। रहस्य और रोमांच के साथ भारतीय संस्कृति और भक्ति की झलक भी संगीत में महसूस होती है, जो फिल्म की दुनिया को अलग पहचान देती है। फोकलोर, रहस्य और हास्य का अनोखा संगम फिल्म के मेकर्स का दावा है कि 'द वन' सिर्फ रहस्य और फैंटेसी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें रोमांच, भावनाएं और हल्का-फुल्का हास्य भी देखने को मिलेगा। इसे पूरे परिवार के लिए मनोरंजन से भरपूर फिल्म के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म की दुनिया को और विस्तार देने के लिए 'द लीजेंड ऑफ वन' नाम से एक कॉमिक बुक भी पहले ही रिलीज की जा चुकी है। कब होगी रिलीज बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के बैनर तले बनी 'द वन' की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीज़र की पहली झलक ने साफ कर दिया है कि दर्शकों को इस बार भारतीय फोकलोर पर आधारित एक अलग और भव्य सिनेमाई अनुभव मिलने वाला है।